सामना संवाददाता / मुंबई
राज्य की ट्रिपल इंजन सरकार में आंतरिक मतभेद चरम पर पहुंच चुके हैं, लेकिन सत्ता के लालच में ये सभी दल एक साथ टिके हुए हैं। सत्ता के लिए कुछ भी करने और किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं। यही इनकी नीति है। उप मुख्यमंत्री अजीत पवार सत्ता के लिए इतने लाचार हैं कि वे सत्ता बिना रह ही नहीं सकते। उनके सत्ता से बाहर जाने का सवाल ही नहीं उठता। अगर वे महायुति से हटे तो उन्हें सीधे जेल जाना होगा। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने इन शब्दों में अजीत दादा की पोल खोली है।
तिलक भवन में कांग्रेस की राज्य चुनाव समिति की दो दिवसीय बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में तमाम नेता उपस्थित हुए। इस अवसर पर सपकाल ने कहा कि राज्य चुनाव समिति की दो दिन चली बैठक में नगरपालिका और नगर पंचायत चुनावों के लिए उम्मीदवार तय करने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। उन्होंने कहा कि महायुति की ट्रिपल इंजन सरकार में धोखा खाने की भावना तीनों दलों के कई पदाधिकारियों के मन में बढ़ती जा रही है। इस कारण आने वाले समय में सत्ताधारी दल के कई महत्वपूर्ण नेता कांग्रेस में शामिल होंगे। इस दौरान चंद्रपुर जिले के भाजपा विधायक बंटी भांगड़िया के कट्टर समर्थक और भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा महाराष्ट्र प्रदेश के महामंत्री जुनेद खान ने अपने सहयोगियों के साथ कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल और विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार की उपस्थिति में कांग्रेस में प्रवेश किया।
