वडोदरा शहर के लिए ११ जनवरी का दिन खास होने जा रहा है, जब कई वर्षों बाद भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम यहां अंतर्राष्ट्रीय मैच खेलेगी। भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला वनडे नए कोटाम्बी स्टेडियम में खेला जाएगा, जो इसी मैच के साथ मेंस इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रखेगा। इस ऐतिहासिक मौके को लेकर न सिर्फ शहर में उत्साह है, बल्कि टीम इंडिया के खिलाड़ी भी काफी रोमांचित नजर आ रहे हैं। मैच से एक दिन पहले बीसीसीआई द्वारा साझा किए गए वीडियो में खिलाड़ियों ने स्टेडियम को लेकर अपनी राय रखी। कप्तान शुभमन गिल ने स्टेडियम की खूबसूरती और आधुनिक सुविधाओं की तारीफ करते हुए कहा कि उन्हें सबसे ज्यादा ड्रेसिंग रूम पसंद आया, जहां काफी जगह और आराम है। गिल के लिए यह सीरीज और भी खास है, क्योंकि वह पहली बार भारत में वनडे टीम की कप्तानी करेंगे। यशस्वी जायसवाल ने भी ड्रेसिंग रूम और रिकवरी एरिया को शानदार बताया, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा स्विमिंग पूल और प्रैक्टिस सुविधाओं से खासे प्रभावित दिखे।
