रमेश ठाकुर / नई दिल्ली
रोहिणी आचार्य को लेकर न सिर्फ लालू प्रसाद यादव के परिवार में पारिवारिक कलह मची है, बल्कि बिहार की राजनीति में भूचाल भी आया हुआ है। चुनाव के परिणाम के बाद से ही लालू परिवार में खलबली मची है, जिसके पीछे कई कारण और नाम बताए जा रहे हैं, लकिन लालू की बेटी रोहिणी आचार्य ने जिस शख्स रमीज नेमत पर उन्हें परिवार से बाहर करने और पार्टी की बदहाली का आरोप लगाया है, उसका कनेक्शन उत्तर प्रदेश से है। रमीज जो पिछले साल से तेजस्वी यादव की टीम का प्रमुख हिस्सा हैं और उनके वॉर रूम की जिम्मेदारी संभाल रहे थे, वो यूपी के बाहुबली पूर्व सांसद रिजवान जहीर के दामाद हैं। इस संबंध में रोहिणी ने एक चौंकाने वाला बयान देते हुए ये कहा है कि मेरा अब कोई परिवार नहीं है। संजय, रमीज और तेजस्वी यादव से पूछिए…उन्हीं लोगों ने मुझे मेरे परिवार से बाहर करवाया, क्योंकि वो जिम्मेदारी नहीं लेना चाहते? आज पूरा देश सवाल कर रहा है कि पार्टी इस हालत में कैसे पहुंची?
कौन है रमीज?
रमीज नेमत के पिता का नाम नियमतुल्लाह खान है, उनका कनेक्शन यूपी के बलरामपुर जिले से है, जो नेपाल बॉर्डर से सटा हुआ है। रमीज के ससुर, रिजवान जहीर, समाजवादी पार्टी के नेता और बलरामपुर से पूर्व सांसद हैं। रमीज पर बलरामपुर की तुलसीपुर नगर पंचायत के चेयरमैन फिरोज ‘पप्पू’ पर 4 जनवरी 2022 को गोली मारकर हत्या करने का आरोप है। फिरोज ‘पप्पू’ की हत्या के पीछे की वजह राजनीतिक अदावत है। रिजवान जहीर अपनी बेटी जेबा रिजवान को तुलसीपुर का अध्यक्ष बनवाना चाहता थे, लेकिन फिरोज पप्पू की पत्नी चुनाव जीत गई थीं। फिरोज पप्पू हत्याकांड में रिजवान जहीर अभी भी जेल में बंद है। पुलिस ने इस मामले में रिजवान जहीर के साथ-साथ उसकी बेटी जेबा रिजवान और दामाद रमीज नेमत को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा था। रमीज नेमत और जेबा रिजवान इस वक्त जमानत पर बाहर हैं। रमीज नेमत पर बलरामपुर के तुलसीपुर और कौशांबी के कोखराज थाने में हत्या, गैंगस्टर एक्ट सहित कुल 12 मुकदमे दर्ज हैं। रोहिणी का आरोप है कि उनके परिवार में भी आने वाले समय में बहुत कुछ ये लोग करवाएंगे। तेजस्वी को उनके चुंगल में फंसा हुआ बताया।
