सामना संवाददाता / मुंबई
कई वर्षों से मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस निवेश आकर्षित करने के लिए दावोस दौरे पर जा रहे हैं। इसके बावजूद राज्य में बड़ी कंपनियां निवेश के लिए क्यों नहीं आ रहीं? यह सवाल राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरदचंद्र पवार) के नेता रोहित पवार ने उठाया है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस हर बार बड़े लाव-लश्कर के साथ दावोस जाते हैं। पिछली बार भी दावोस दौरे के बाद यह दावा किया गया था कि राज्य में भारी निवेश आएगा और कई बड़ी कंपनियां महाराष्ट्र का रुख करेंगी, लेकिन हकीकत यह है कि न तो कोई बड़ी कंपनी आई और न ही कोई उल्लेखनीय निवेश राज्य में हुआ।
इसी मुद्दे को लेकर रोहित पवार ने अब मुख्यमंत्री पर तंज कसा है। रोहित पवार ने इस संबंध में एक्स पर एक पोस्ट साझा की है। इसमें उन्होंने लिखा है कि डिजनी मनोरंजन क्षेत्र की और हनीवेल साइबर सिक्योरिटी तकनीक की अग्रणी कंपनी है। इन दोनों कंपनियों ने हिंदुस्थान में अपने विस्तार के लिए बेंगलुरु के बेलंदूर इलाके को चुना है। डिजनी ने बेलंदूर में १,७४,००० वर्ग फुट जगह किराए पर लेने का समझौता किया है, जबकि हनीवेल ने पूरे ४,००,००० वर्ग फुट का कार्यालय सात वर्षों के लिए लिया है। इतना ही नहीं डेलॉइट ने भी मंगलुरु में आकर लगभग ५०,००० लोगों की भर्ती करने की घोषणा की है। वहीं मारुति सुजुकी गुजरात में ३५,००० करोड़ रुपए का निवेश कर नया प्लांट स्थापित कर रही है।
