मुख्यपृष्ठनए समाचारभाजपा विधायक के खिलाफ बचत गट की महिलाओं ने लगाए मुर्दाबाद के...

भाजपा विधायक के खिलाफ बचत गट की महिलाओं ने लगाए मुर्दाबाद के नारे!

-लाडली बहनों के उग्र प्रदर्शन के आगे झुका प्रशासन

अनिल मिश्रा / उल्हासनगर

लाडली बहनों के लिए मंजूर स्टॉल आवंटन को रद्द कर नए सिरे से दोबारा आवदेन प्रक्रिया के निर्देश के बाद बचत गट की महिलाओं ने कल उग्र रूप अपनाया। उन्होंने भाजपा विधायक के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए और उल्हासनगर मनपा मुख्यालय के सामने जोरदार प्रदर्शन किया।
बता दें कि उल्हासनगर शहर की लाडली बहनें आर्थिक रूप से मजबूत हों, इसके लिए फरवरी-मार्च महीने में स्वरोजगार को प्रोत्साहित करते हुए उल्हासनगर मनपा ने महिला बचत समूहों के लिए लोहे के स्टॉल के लिए आवेदन आमंत्रित किए थे। प्राप्त आवेदनों में से सरकार की शर्तों को पूरा करनेवाले ५० बचत समूह को लाभार्थी घोषित किया गया। इसकी सूची १ अप्रैल, २०२५ को लिखित आदेश द्वारा उल्हासनगर महानगरपालिका ने जारी की थी। फिर अप्रैल में पात्र महिलाओं को व्यावसायिक प्रशिक्षण भी दिया गया था।
भाजपा विधायक ने रुकवाई प्रक्रिया
समाजसेवक शिवाजी रगडे ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान बहनों को लाडली कहना, उसके बाद उन्हें तकलीफ देना कुमार आयलानी का काम है। कुमार आयलानी की करनी और कथनी में फर्क है। कुछ दिन पहले विधायक कुमार आयलानी ने इस प्रक्रिया को लेकर आपत्ति भरा पत्र दिया, जिसके बाद प्रशासन ने इस प्रक्रिया को रद्द कर नए सिरे से प्रक्रिया करने के आदेश जारी किया। इससे लाभार्थी महिलाएं आक्रोशित हो गर्इं।
मनपा आयुक्त ने दिया आश्वासन
महिलाओं ने भाजपा विधायक कुमार आयलानी के कार्यालय पर मोर्चा निकाला, उसके बाद शिवाजी रगड़े के साथ उल्हासनगर मनपा में आयुक्त से मिलने पहुंची, लेकिन उन्हें प्रवेश द्वार पर रोक दिया गया। तब सभी महिलाओं ने जमीन पर बैठकर धरना प्रदर्शन किया। महिलाओं के विरोध के बाद जल्द ही स्टॉल देने का आश्वासन उल्हासनगर मनपा आयुक्त ने दिया।

अन्य समाचार