-एआई से बनाए कॉलेज छात्रा के न्यूड अश्लील वीडियो
सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन में सफर करने वाली महिलाएं अब मोबाइल वैâमरे और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के जरिए होने वाले साइबर अपराध का शिकार हो रही हैं। महिलाओं की सामान्य तस्वीरों और वीडियो को अश्लील रूप देकर सोशल मीडिया पर वायरल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मुंबई क्राइम ब्रांच की दक्षिण साइबर पुलिस ने इस मामले में ३१ वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी लोकल ट्रेन में सफर करने वाली महिलाओं की चोरी-छिपे तस्वीरें और वीडियो बनाता था। इसके बाद एआई एप्लिकेशन की मदद से उनकी तस्वीरों को नग्न और अर्धनग्न तस्वीरों में बदलकर फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट से रील्स के रूप में अपलोड करता था। मामले का खुलासा तब हुआ, जब १९ वर्षीय कॉलेज छात्रा को इंस्टाग्राम पर अपनी मॉर्फ की गई अश्लील तस्वीरें और वीडियो दिखाई दिए। बताया जाता है कि पीड़िता अपनी सहेली के साथ चर्चगेट से विरार जाने वाली फास्ट लोकल के प्रथम श्रेणी के डिब्बे में सफर कर रही थी। इसी दौरान किसी ने दोनों की बिना जानकारी और सहमति के रिकॉर्डिंग कर ली। बाद में उसका वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड किया गया, जिसे १.११ लाख से अधिक बार देखा गया।
पीड़िता की शिकायत पर १९ अक्टूबर को दक्षिण साइबर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। तकनीकी जांच के जरिए पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला और वसई इलाके में रहता बताया गया है। आरोपी के मोबाइल की जांच में पुलिस को २०० से अधिक तस्वीरें और वीडियो मिलने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि इस अपराध में कितनी महिलाएं शिकार बनीं और क्या आरोपी अश्लील सामग्री के जरिए आर्थिक कमाई भी कर रहा था।
