-आवेदकों की डिग्री देख अवाक रह गए अधिकारी
सामना संवाददाता / मुंबई
महायुति सरकार में बेरोजगारी का आलम यह है कि संविदा के एक पद के लिए १२३ लोगों ने दावेदारी की है। यानी साक्षात्कार दिया है। साक्षात्कार देने वालों में पीएचडी और स्नातक डिग्री धारकों का समावेश है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उल्हासनगर महानगरपालिका में उद्यान अधीक्षक के एक संविदा पद के लिए १२३ उम्मीदवारों ने साक्षात्कार दिया। इनमें दो पीएचडी धारक और अधिकांश कृषि स्नातक शामिल हैं। इस प्रकार महायुति सरकार में बेरोजगारी की एक चिंताजनक तस्वीर सामने आई है।
उल्हासनगर महानगरपालिका में उद्यान अधीक्षक का एक पद रिक्त है, इसके लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। एक पद के लिए राज्य भर से १२३ उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। इसके लिए गत गुरुवार को महानगरपालिका मुख्यालय में साक्षात्कार आयोजित किए गए। आयुक्त मनीषा अव्हाले के मार्गदर्शन में साक्षात्कार हुए। अब सबका ध्यान एकमात्र योग्य और भाग्यशाली उम्मीदवार की नियुक्ति पर केंद्रित है।
बताया जा रहा है कि युवाओं को नौकरी की सख्त जरूरत थी इसलिए जरूरी शैक्षणिक योग्यता वाले बड़ी संख्या में स्नातक साक्षात्कार के लिए आए थे। इनमें अधिकतर एमएससी एग्रीकल्चर और बीएससी एग्रीकल्चर के उम्मीदवार थे। इसके अलावा, दो पीएचडी धारक भी थे। उम्मीदवारों की शैक्षणिक योग्यता और उनकी संख्या देखकर साक्षात्कार अधिकारी अवाक रह गए।
