मुख्यपृष्ठनए समाचारयोगी की व्यवस्था की खुली पोल...कोचिंग सेंटर जलकर खाक... १५ छात्रों की...

योगी की व्यवस्था की खुली पोल…कोचिंग सेंटर जलकर खाक… १५ छात्रों की मौत!.. चश्मदीद बोले, देर से आई फायर ब्रिगेड

सामना संवाददाता / लखनऊ

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कल अलीगंज क्षेत्र के पुरनिया में एक कोचिंग सेंटर में भीषण आग लग गई। इससे अंदर मौजूद छात्रों में भगदड़ मच गई। कई छात्रों ने जान बचाने के लिए ऊंचाई से छलांग लगाने के कारण घायल हो गए, वहीं १४ बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। बगल के घर की छत से कोचिंग की दीवार काटकर रेस्क्यू का प्रयास किया गया। १० लोगों को रेस्क्यू कर ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। चश्मदीदों के मुताबिक, दमकल की गाड़ियां आने में काफी देर हो गई, जिससे ज्यादा नुकसान हो गया। इस आग ने यूपी के सीएम की व्यवस्था पर प्रश्न चिह्न लगा दिया है।
अग्निकांड की सूचना मिलते ही अपने सारे कार्यक्रमों को रद्द कर मुख्यमंत्री राजधानी लखनऊ के लिए प्रस्थान कर गए। सीएम ने कहा कि जिन परिवारों ने अपने नौजवानों को खोया है, उनके प्रति गहन संवेदना व्यक्त करता हूं। पुलिस महानिदेशक व अपर मुख्य सचिव (गृह) को निर्देश दिया है कि मौके पर जाकर इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
धू-धूकर जलने लगा कोचिंग सेंटर
स्थानीय लोगों ने बताया कि भवन से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। इसके बाद लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। पूरा परिसर धू-धूकर जलने लगा। काफी समय बाद दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गर्इं। आग बुझाने के साथ-साथ छात्रों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान शुरू किया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद रहे।
युद्धस्तर पर बचाव कार्य
बताया जा रहा है कि आग से बचने के लिए कई बच्चे बिल्डिंग से नीचे गिर गए। इससे वे गंभीर रूप से झुलस गए। कई बच्चों के अंदर फंसे होने की आशंका के चलते राहत व बचाव कार्य लगातार जारी रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के बाद क्षेत्र में चीख-पुकार मच गई। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। फिलहाल, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
अखिलेश यादव ने दुख व्यक्त किया
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए ‘एक्स’ पर लिखा कि इस हादसे के पीछे के कारणों की ईमानदारी से जांच हो। उन्होंने आगे कहा कि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों से बचा जा सके, यही कोशिश होनी चाहिए।
मायावती ने जताया शोक
बसपा अध्यक्ष मायावती ने भी घटना पर शोक व्यक्त करते हुए ‘एक्स’ पर कहा, ‘यह घटना अति-दुखद है। उन्होंने आगे कहा, ‘इस प्रकार की जानलेवा घटनाएं दिल को दहलाने वाली होती हैं तथा कितने ही परिवार की उम्मीदों को बिखेर देती हैं।

अन्य समाचार