मुख्यपृष्ठसमाचारकागजों में ‘जीरो टॉलरेंस’... अवैध निर्माण का बोलबाला

कागजों में ‘जीरो टॉलरेंस’… अवैध निर्माण का बोलबाला

भाजपा पार्षद ने अपनी ही सत्ता के खिलाफ खोला मोर्चा

‘फ्लेक्स’ बैनर पहनकर महासभा पहुंचे जयेश भोईर

सुरेश गोलानी / मुंबई

भारतीय जनता पार्टी द्वारा मीरा -भायंदर महानगरपालिका पर सत्ता हासिल करने के बाद दूसरी बार मेयर बनीं डिंपल ने पद संभालते ही अपने पहले संबोधन में शहर के विकास के बारे में कई बड़े-बड़े दावे किए और आश्वासनों की लंबी लिस्ट जारी कर दी, जिसमें प्रमुख रूप से अवैध निर्माण के खिलाफ शून्य सहिष्णुता (जीरो टॉलरेंस) पॉलिसी का प्रमुख रूप से समावेश था। लेकिन शहर में भारी संख्या में चल रहे अनधिकृत निर्माण ने यह साबित कर दिया है कि महापौर कि यह पॉलिसी सिर्फ कागजों तक ही सीमित है। इसका जीता जागता उदाहरण सोमवार को देखने को मिला, जब खुद की महानगरपालिका के खिलाफ मूर्धा गांव से दो टर्म के भाजपा नगरसेवक जयेश भोईर ने अपने वॉर्ड में चल रहे एक बहुमंजिला होटल के अवैध निर्माण के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए नारों से छपी ‘फ्लेक्स’ जैकेट पहनकर महानगरपालिका की महासभा जनरल बॉडी की मीटिंग में पहुंचे और आकर्षण का केंद्र बनते हुए सभी को आश्चर्यचकित कर दिया। भोईर का आरोप है कि कई बार लिखित शिकायत करने के बावजूद अवैध निर्माण के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कि जा रही है और मनपा की सत्ता में होते हुए भी मुझे इस प्रकार से विरोध प्रदर्शन करना पड़ रहा है। सूत्रों के अनुसार, शिंदे गुट से जुड़े पूर्व नगरसेवक द्वारा इस बहुमंजिला होटल का अवैध रूप से निर्माण किया जा रहा है। ज्ञात हो कि डिंपल मेहता (जो स्थानीय भाजपा विधायक नरेंद्र मेहता की भाभी हैं) ने मनपा आयुक्त राधा बिनोद शर्मा को ११ फरवरी को लिखे एक पत्र में यह साफ कर दिया कि शहर में अवैध निर्माणों पर लगाम लगनी चाहिए और उससे निपटने के लिए जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने की सलाह देते हुए अवैध निर्माणों को संरक्षण देनेवाले संबंधित प्रभाग अधिकारी और कर्मचारीयों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पत्र में मेहता ने खासकर उन निर्माणों का उल्लेख किया, जो चुनाव के दौरान अवैध रूप से बनकर तैयार किए गए थे। हालांकि, भाजपा की कथनी और करनी में कितना बड़ा अंतर है, उसे दर्शाने वाला यह एक और मामला सामने आया।
सत्ता पक्ष का पार्षद ही बना विरोध की आवाज
मीरा-भायंदर मनपा में अवैध निर्माणों पर ‘जीरो टॉलरेंस’ के दावों की पोल तब खुल गई, जब भाजपा के दो बार के नगरसेवक जयेश भोईर को अपनी ही सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलना पड़ा। लिखित शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से नाराज भोईर विरोध संदेशों वाली फ्लेक्स जैकेट पहनकर महासभा में पहुंचे और मनपा प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।

अन्य समाचार