मुख्यपृष्ठनए समाचारधुले में ४५ हजार लोगों ने किया था फर्जी मतदान!..अनिल गोटे का...

धुले में ४५ हजार लोगों ने किया था फर्जी मतदान!..अनिल गोटे का आरोप

 -विशेषज्ञों को दिए गए थे दो करोड़ रुपए…सबूतों के साथ जाएंगे अदालत

सामना संवाददाता / मुंबई

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में धुले शहर विधानसभा क्षेत्र में ४५ हजार फर्जी मतदाताओं ने मतदान किया। मतदान के अंतिम चरण में सत्तारूढ़ भाजपा ने आधुनिक तकनीक का सहारा लेकर वोट चुराए। इसके लिए कंप्यूटर विशेषज्ञों को २ करोड़ रुपए दिए गए थे। पूर्व विधायक अनिल गोटे ने आरोप लगाया है कि फर्जी मतदान कराने के लिए बीएलओ को २०-२० हजार रुपए की अग्रिम राशि दी गई थी।
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान धुले शहर विधानसभा क्षेत्र में ३ लाख ४४ हजार ४५३ मतदाता थे। इनमें से १ लाख ८६ हजार ८८४ मतदाताओं ने मतदान किया। हालांकि, विधानसभा चुनाव के दौरान धुले में मतदाताओं की संख्या में २२ प्रतिशत की वृद्धि हुई थी। गोटे ने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद के दस महीनों में जब जांच की गई तो चौंकाने वाली बातें सामने आर्इं। जोशी नाम के एक कंप्यूटर विशेषज्ञ को २ नवंबर की रात ९ बजे वाशी के पास २ करोड़ रुपए दिए गए, ताकि वह आधुनिक तकनीक की मदद से धुले शहर निर्वाचन क्षेत्र में वोटों की चोरी कर सके। उस समय जितेंद्र पापलकर को धुले विधानसभा चुनाव में वोटों में हेराफेरी करने के लिए जिला कलेक्टर के पद पर लाया गया था। उस समय शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के पदाधिकारियों के साथ मिलकर उनसे शिकायत की गई थी। गोटे का आरोप है कि शिकायतों की एक साधारण जांच भी नहीं की गई। गोटे ने कहा कि अब वह इस संबंध में सबूतों के साथ अदालत जाएंगे।

अन्य समाचार