-नेपाल में ‘जेन-जेड’ का उबाल!
– संसद में घुसे प्रदर्शनकारी, लगाई आग
– डेढ दर्जन की मौत, १०० से ज्यादा घायल
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
भारत के दक्षिण में श्रीलंका और पूरब में बांग्लादेश के बाद अब उत्तर के देश नेपाल में जोरदार हिंसा भड़क गई है। नेपाल में फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स बंद करने के बाद खुद को जेन-जेड बतानेवाले युवाओं की भारी भीड़ सड़कों पर उतर गई और सीधे वहां की संसद में घुस गई। इसके बाद कई जगहों पर पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें दर्जनों लोगों के मारे जाने और ३०० से ज्यादा के घायल होने की खबर है।
सोशल मीडिया के अलावा भ्रष्टाचार को लेकर युवा ओली सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। राजधानी काठमांडू समेत कई शहरों में हजारों की संख्या में युवा सड़कों पर उतरे और जमकर प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व युवा कर रहे हैं इसलिए जेन-जेड का आंदोलन कहा जा रहा है।
कई शहरों में कर्फ्यू
काठमांडू में काफी हिंसक प्रदर्शन हुए। युवाओं ने संसद भवन में घुस कर जमकर तोड़फोड़ और आगजनी की। पुलिस ने फिर आंसू गैस, पानी की बौछार और यहां तक की रबर बुलेट का इस्तेमाल किया। हालात पर काबू पाने के लिए नेपाल की सरकार ने काठमांडू, पोखरा समेत कई इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया और सड़कों पर सेना की तैनाती कर दी है।
