राधेश्याम सिंह / वसई
वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय के क्राइम ब्रांच-२ की टीम ने दो अलग-अलग जगहों पर छापेमारी करके ३० लाख ७० हजार रुपए की अवैध देसी शराब बनाने वाली दो भट्टियों को तोड़ करके दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सुबह की गश्त के दौरान मुखबिर से जानकारी मिली कि नायगांव के पांजू द्वीप पर वदारकानाथ पाटील और पुंडलिक म्हात्रे नामक दो व्यक्ति बिना लाइसेंस के बड़े पैमाने पर देसी शराब बना रहे हैं। सूचना के आधार पर, पुलिस निरीक्षक अविराज कुराडे के नेतृत्व में टीम ने तुरंत पांजू द्वीप पर छापा मारा। मौके पर वदारकानाथ दत्तात्रेय पाटील (५०) को शराब बनाते हुए पकड़ लिया, जबकि उसका साथी पुंडलिक म्हात्रे फरार हो गया। छापेमारी में पुलिस ने १५० लीटर देसी शराब, २०० लीटर के १६२ नीले और सफेद ड्रमों में भरी ३२,४०० लीटर वॉश और शराब बनाने के उपकरण जब्त किए। जब्त किए गए माल की कुल कीमत १७ लाख ८० हजार रुपए है। जब्त की गई शराब के नमूने लेने के बाद, बाकी सारा माल मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
इसी तरह दोपहर में अपराध जांच प्रकोष्ठ-२ की दूसरी टीम को नायगांव पुलिस स्टेशन क्षेत्र में भेजा गया। पुलिस उपनिरीक्षक संतोष घाडगे और उनकी टीम को एक मुखबिर से जानकारी मिली कि छोटे पांजू द्वीप पर तुषार महेश पाटील अवैध रूप से देसी शराब बना रहा है। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए छोटे पांजू द्वीप पर छापा मारा। मौके पर तुषार महेश पाटील को शराब बनाने के उपकरण व सामग्री के साथ पकड़ा। इस कार्रवाई में पुलिस ने ९० लीटर देसी शराब, २०० लीटर के ११९ नीले व सफेद ड्रमों में भरी २३,८०० लीटर वॉश, और अन्य सामग्री जब्त की। इस कार्रवाई में जब्त किए गए माल की कुल कीमत १२ लाख ९० हजार है। यहां भी शराब के नमूने लेने के बाद, बाकी सारा माल मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। दोनों मामलों में गिरफ्तार आरोपी वसई-पूर्व के रहने वाले हैं। इन दोनों के खिलाफ नायगांव पुलिस स्टेशन में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।
