मुख्यपृष्ठनए समाचारसीएम के जिले में बवाल! ...गोरखपुर में पशु तस्करों ने युवक का...

सीएम के जिले में बवाल! …गोरखपुर में पशु तस्करों ने युवक का किया कत्ल

मुख्यमंत्री के जिले में हुए दुस्साहसिक घटना में दिन भर में कोई गिरफ्तारी नहीं!
भड़के ग्रामीणों ने किया जाम, पीएसी तैनात

मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ

गोरखपुर के पिपराइच में सोमवार देर रात पशु तस्करों ने दीपक नाम के युवक को बंधक बना लिया, बाद में मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में भारी बवाल मच गया। जिसके कारण ग्रामीणों और पुलिस के बीच देर रात झड़प हो गयी। जिसमें एसपी नॉर्थ, एसओ समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। देर रात ग्रामीणों ने घेराबंदी कर एक पशु तस्कर को पकड़ लिया। उसके पिकअप को आग के हवाले कर दिया। कानून व्यवस्था के मॉडल मुख्यमंत्री के जिले में पुलिस की लापरवाही से घटना होने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने मंगलवार सुबह भट्ठा चौराहा जाम कर दिया। एहतियात के तौर पर गांव में और मौके पर पीएसी के साथ ही भारी संख्या में फोर्स तैनात कर दिया गया है। प्रदर्शन कर रहे मृतक दीपक के एक साथी ने बताया कि घटना रात करीब 11:30 बजे जंगल छात्रधारी गांव की है। दो पिकअप से 10 से 12 की संख्या में पशु तस्कर पहुंचे। एक पिकअप पर पशु लदे थे, जबकि दूसरी गाड़ी में हथियारबंद तस्कर बैठे थे।

गांव के दीपक गुप्ता (16) ने इन्हें टोका तो तस्कर आगे निकल गए। आगे आकर इंतजार कर रहे थे, जैसे दीपक स्कूटी से उनकी पिकप से आगे निकला, उन्होंने पहले स्कूटी को टक्कर मारी और दीपक को गिरा दिया। इसके बाद गोली मारकर हत्या कर दी। बताते हैं कि तस्करों ने दीपक के मुंह के अंदर गोली मारी थी। आरोपी तस्कर खून से लथपथ दीपक को गुलरिहा थाना क्षेत्र के सरैया गांव में फेंककर भाग गए। घटना की जानकारी होने पर पीछा करते हुए पहुंचे परिजन व गांव के लोग गंभीर हालत में दीपक को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

दीपक के हत्या की खबर फैलते ही गांव में आक्रोश फूट पड़ा। घेराबंदी कर गांव के लोगों ने एक पशु तस्कर को पकड़ लिया। पिकअप को छोड़कर दूसरे तस्कर फरार हो गए। आरोपी की पिटाई कर गांव के लोगों ने बंधक बना लिया। घटना की जानकारी होने पर पहुंची पिपराइच पुलिस ने तस्कर को हिरासत में लेने का प्रयास किया तो ग्रामीणों ने घेर लिया। बात बढ़ी तो पुलिस और ग्रामीणों में झड़प हो गई। हालात बिगड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर पीएसी की तैनाती करनी पड़ी। तस्कर को हिरासत में लेकर पुलिस ने बीआरडी में भर्ती कराया। मंगलवार की सुबह गुस्साए ग्रामीणों ने भट्ठा चौराहा जाम कर दिया। घटनास्थल पर एसपी उत्तरी, सीओ कैंप कर रहे हैं। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं और पुलिस अन्य तस्करों की तलाश में दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी आरोपी जल्द पकड़ लिए जाएंगे। मुख्यमंत्री के जिले में हुये इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत है और ग्रामीण सुरक्षा इंतजाम की मांग पर अड़े हुए हैं। मौके पर पहुंचे एसएसपी राजकरन नैय्यर ने कहा कि पशु तस्करों ने चलती गाड़ी से दीपक को नीचे गिरा दिया था। इससे दीपक को चोट लग गई और उसकी मौत हो गई।” इस संदर्भ में समाचार लिखे जाने तक गोरखपुर पुलिस के मीडिया सेल ने बताया कि एडीजी साहब घटना स्थल पर गये थे। अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

अन्य समाचार