– क्लस्टर विकास का अब तक नहीं दिया नोटिस
– निवासियों ने दी विरोध प्रदर्शन की चेतावनी
सामना संवाददाता / मुंबई
एलफिंस्टन ब्रिज बंद होने के बाद वहां के निवासियों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि महायुति सरकार की तरफ से क्लस्टर विकास का नोटिस रहिवासियों को अब तक नहीं दिया गया है। रहिवासियों का कहना है कि उन्हें अंधेरे में रखा जा रहा है। पुनर्वास के दायरे में आने वाली इमारत हाजी नूरानी के सचिव मुनाफ पटेल ने बताया कि सरकार की तरफ से कहा जा रहा है कि ४०५ स्क्वायर फीट कार्पेट एरिया वाले घर दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि अटल सेतु जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट के लिए हमारी पुरानी इमारत को तोड़कर कम जगह दी जा रही है। हमारी मांग है कि ५२० से लेकर ५८० स्क्वायर फीट की जगह दी जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की तरफ से क्लस्टर विकास का नोटिस भी अब तक नहीं दिया गया है। केवल आश्वासन देकर छोड़ा गया है। मुनाफ ने बताया कि अगले एक हफ्ते अगर क्लस्टर विकास की जानकारी नहीं दी गई तो सभी १९ इमारतों के रहिवासी विरोध प्रदर्शन करेंगे। ब्रिज बंद करने से पहले सरकार को पूरी प्लानिंग करने की जरूरत थी, लेकिन अब ब्रिज बंद होने के बाद विभागीय तालमेल की कमी साफ देखी जा सकती है। बता दें कि नागरिकों को पूर्व से पश्चिम जाने के लिए भी असुविधा हो रही है। वे लोग रेलवे ब्रिज का सहारा ले रहे हैं। इसके अलावा तिलक ब्रिज व अन्य मार्गों पर भारी ट्रैफिक की समस्या उत्पन्न हो रही है।
