मुख्यपृष्ठनए समाचारन खाना, न पानी, न शौचालय ... ५६ हिंदुस्थानियों संग जॉर्जिया में...

न खाना, न पानी, न शौचालय … ५६ हिंदुस्थानियों संग जॉर्जिया में जानवरों सा सुलूक!

पर्यटक ने बताया भारतीयों का दर्द
विदेशों में भारतीय मूल के नागरिकों के साथ दुर्व्यवहार, मारपीट और हत्या की घटनाएं आम हो गई हैं। कुछ महीने पहले ही अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे भारतीय नागरिकों को हथकड़ी लगाकर भारत वापस लाया गया। अब जॉर्जियाई सीमा पर भी ऐसी ही एक घटना सामने आई है, जहां वैध वीजा और जरूरी दस्तावेज होने के बावजूद ५६ भारतीय नागरिकों के साथ जानवरों जैसा व्यवहार किया गया। एक महिला ने इंस्टाग्राम पोस्ट के ज़रिए इस घटना को उजागर करके खलबली मचा दी है।
एक महिला ने सोशल मीडिया पर यह दावा किया है कि वैध ई वीजा होने के बावजूद जॉर्जिया के अधिकारियों ने यात्रियों के साथ दुर्व्यवहार किया है। उन्हें घंटों तक बिना खाना-पानी और शौचालय के ठंड में इंतजार करने पर मजबूर किया गया। जानकारी के अनुसार, धुर्वी पटेल नाम की एक भारतीय महिला ने इंस्टाग्राम पर इस घटना के बारे में बताते हुए आपबीती साझा की है, जिसमें उन्होंने बताया है कि आर्मेनिया से जॉर्जिया जाते समय सदाखलो सीमा पर उनके समूह को ५ घंटे से अधिक समय तक रोककर रखा गया, जबकि उनके पास ई-वीजा मौजूद था। बावजूद इसके अधिकारियों ने उन्हें ठंड में रोककर रखा, उनके पासपोर्ट जब्त कर लिए गए और इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई। महिला का आरोप है कि अधिकारियों ने उनके डॉक्यूमेंट भी नहीं देखे, बिना देखे ही अधिकारियों ने कह दिया कि उनके वीजा गलत हैं। महिला ने उनके समूह के साथ हुए इस घटना को `शर्मनाक और अस्वीकार्य’ बताया है। उन्होंने अपने पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री एस जयशंकर को टैग किया है। साथ ही उन्होंने भारत सरकार से इस मामले में सख्त रुख अपनाने की मांग की।

अन्य समाचार