फिरोज खान
कर्नाटक के विजयपुर जिले के इंडी टाउन में पेशे से किसान बीरप्पा अपनी पत्नी सुरेखा और दो बच्चों के साथ रहता था। परिवार में सब कुछ ठीक-ठाक था, लेकिन एक रात बीरप्पा जब अपनी पत्नी और बच्चों के साथ कमरे में सोया था, तभी अचानक घर में घुसे दो शख्स ने उसके सीने पर चढ़कर उसका गला दबाकर उसे मारने की कोशिश की। ताकतवर होने के कारण दोनों के इरादों को नाकाम करते हुए बीरप्पा शोर मचाने लगा। बीरप्पा की आवाज सुन पास-पड़ोस के लोग जब दौड़ते हुए उसके घर पहुंचे तो मामला बिगड़ता उससे पहले ही दोनों शख्स वहां से भाग निकले। कातिलों के चंगुल से बच निकले बीरप्पा के सामने अब एक ऐसी सच्चाई सामने आई, जिसे जानकर वो हैरान हो गया। असल में कातिल जब उसका गला घोंट रहे थे तब उसकी पत्नी सुरेखा कातिलों को उकसाते हुए कह रही थी, ‘मार डालो, किसी भी हाल में बचना नहीं चाहिए।’ पत्नी द्वारा कही गई यह बात बीरप्पा के लिए किसी सदमे से कम नहीं थी। बीरप्पा ने जब हकीकत का पता लगाया तो उसे मालूम हुआ कि कत्ल करने आए दो में से एक शख्स पत्नी का प्रेमी था। बीरप्पा ने अब पुलिस में शिकायत दर्ज करते हुए पत्नी की सारी करतूत कह सुनाई। पुलिस ने सुरेखा को गिरफ्तार कर तहकीकात शुरू कर दी। सुरेखा के प्रेमी की तलाश में जगह-जगह छापेमारी करनेवाली पुलिस जब सुरेखा के प्रेमी सिद्धप्पा तक पहुंची तो एक ऐसी जानकारी सामने आई, जिससे पुलिस के भी रोंगटे खड़े हो गए। पुलिस के हाथ एक ऐसा वीडियो लगा, जिससे पूरी कहानी में एक बड़ा ट्वीस्ट आ गया। यह वीडियो किसी और का नहीं, बल्कि सुरेखा के प्रेमी सिद्धप्पा का था। वीडियो में प्रेमी की लाश एक पेड़ से लटकी हुई दिखाई दे रही थी। मरने से पहले प्रेमी ने जो बातें बतार्इं वो झकझोर देनेवाली थीं। प्रेमी ने वीडियो में बताया कि वो बेगुनाह है और उसकी हत्या की साजिश सुरेखा ने रची है। उसी ने उसे हत्या के लिए उकसाया था। सुरेखा के साथ तीन साल से रिलेशनशिप में होने के कारण वो उसकी बातों में आ गया। अब वह अपने आपको बचाने के लिए नई कहानी बनाकर उसे असली कातिल साबित करने की कोशिश कर रही है। पुलिस को अगर वह सारी हकीकत बता भी देगा तो पुलिस उस पर यकीन नहीं करेगी, क्योंकि सुरेखा एक महिला है और पुलिस उसकी बातों को ही सही मानेगी। खैर, वीडियो देखने के बाद घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस ने लाश को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पति की शिकायत और प्रेमी के वीडियो के आधार पर पुलिस ने सुरेखा को जेल की सलाखों के पीछे डाल दिया।
