मुख्यपृष्ठनए समाचारप्रयागराज में हिस्ट्रीशीटर की ईंटों से कूच कर हत्या

प्रयागराज में हिस्ट्रीशीटर की ईंटों से कूच कर हत्या

– शातिर अपराधी ने साथियों के साथ वारदात को दिया अंजाम
राजेश सरकार / प्रयागराज

शहर में अपराधी फिर सिर उठाने लगे हैं। शुक्रवार बीती रात घनी आबादी वाले अल्लापुर मोहल्ले में कहासुनी के बाद एक शातिर अपराधी ने साथियों के साथ मिलकर एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर की ईंटों से कूच कर हत्या कर दी। शनिवार को घटना की जानकारी देते हुए जार्जटाउन पुलिस ने बताया कि अल्लापुर के अमिताभ बच्चन चौराहे के पास हिस्ट्रीशीटर साजन मेहतर (35) की शुक्रवार बीती रात ईंट से कूच कर हत्या कर दी गई। शनिवार सुबह उठते ही लोगों को उसकी लाश हैजा अस्पताल के पास पड़ी दिखाई दी। फिर उसके घर पर सूचना दी गई। परिजन का आरोप है कि शुक्रवार रात करीब दस बजे साजन और मोहल्ले के सिकंदर पासी के बीच कहासुनी हो गई। फिर दोनों मारपीट करने लगे। लेकिन मोहल्ले के बड़े बुजुर्गों ने बीच-बचाव कर दोनों को शांत करा दिया। करीब एक घंटे बाद सिकंदर अपने कुछ साथियों के साथ लौटा और साजन पर ईंटों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शनिवार सुबह उसकी खून से लथपथ लाश हैजा अस्पताल के पास मिली,
जिसके बाद इलाके में तनाव फैल गया।

सूचना पर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। शव के पास ही खून से सनी ईंटें पड़ी थी। सिर को ईंट से कुचला गया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जहां परिजन और मोहल्ले वालों ने हंगामा किया। उनका आरोप है कि पुलिस को पहले ही विवाद की जानकारी दी गई थी लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं की गई। परिजन ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। एडीसीपी नगर ने बताया कि हत्या में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी समेत चार टीमें बनाई गई हैं।

अल्लापुर से लेकर सुलेम सराय तक दबिश दी जा रही है। वहीं थाना प्रभारी संतोष सिंह का कहना है कि जांच में पता लगा है कि मृतक और आरोपी दोनों का ही गंभीर आपराधिक इतिहास है। जांच में सामने आया है कि मृतक साजन मेहतर खुद जॉर्जटाउन थाने का हिस्ट्रीशीटर था। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, नशे की तस्करी समेत एक दर्जन से ज्यादा मामले दर्ज हैं। वहीं, मुख्य आरोपी सिकंदर पासी का नाम भी कई आपराधिक गतिविधियों में पहले आ चुका है। सूत्रों के अनुसार प्रयागराज के एक प्रदेश स्तरीय चिह्नित माफिया का वरदहस्त सिकंदर को प्राप्त है। पुलिस को अंदेशा है कि साजन की हत्या के पीछे कहीं आपसी गैंगवॉर वजह तो नहीं है।

अन्य समाचार