मुख्यपृष्ठनए समाचारमनपा के फिक्स डिपॉजिट पर ‘ईडी’ सरकार की नीयत खराब! ...किया जा...

मनपा के फिक्स डिपॉजिट पर ‘ईडी’ सरकार की नीयत खराब! …किया जा रहा है अंधाधुंध इस्तेमाल

डेढ़ साल में किया ४ हजार करोड़ खर्च
सामना संवाददाता / मुंबई
राज्य की महायुति सरकार के इशारे पर चलने वाली मुंबई मनपा फिक्स डिपॉजिट का अंधाधुंध इस्तेमाल कर रही है। पिछले डेढ़ साल में फिक्स डिपॉजिट की रकम ८३ हजार करोड़ से घटकर ८०,६०० करोड़ रह गई है। इससे पहले फिक्स डिपॉजिट की राशि ९२ हजार करोड़ रूपए से घटकर ८४ हजार करोड़ रह गई थी, सरकार की गैरजिम्मेदारी और मनपा के मनमाने प्रबंधन के कारण ये फिक्स डिपॉजिट रकम कम हो रही है। अगर यही हाल रहा तो आने वाले दिनों में मनपा के पास मुंबई की बड़ी विकास परियोजनाओं, कर्मचारियों की पेंशन, पीएफ और ग्रेज्युटी देने के लिए पैसे नहीं बचेंगे?
बता दें कि मुंबई में मनपा के लिए चुने गए नगरसेवकों का कार्यकाल ७ मार्च, २०२२ को समाप्त होने के बाद से मनपा का प्रशासन मनपा आयुक्त और प्रशासक के माध्यम से संचालित किया जा रहा है। राज्य में महायुति सरकार बनने के बाद से मनपा के प्रशासन में राज्य सरकार का हस्तक्षेप बहुत बढ़ गया है। इसमें विशेषकर राज्य सरकार की नजर फिक्स डिपॉजिट रकम पर है। जो मनपा के सुरक्षित भविष्य लिए आरक्षित रखी गई है, लेकिन इस फिक्स डिपॉजिट का अंधाधुंध इस्तेमाल किया रहा है। केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा इनके इस्तेमाल को दिए जा रहे प्रोत्साहन के कारण पिछले तीन वर्षों से मुंबई महानगरपालिका की आय में जहां तेजी से गिरावट आ रही है, वहीं मनपा के भविष्य की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़ा हो गया है।

आर्थिक संकट में पड़ जाएगी मनपा
मनपा की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के लिए फिक्स डिपॉजिट का इस्तेमाल नियोजित है। इनमें कोस्टल रोड, गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड, किफायती आवास, सीवेज ट्रीटमेंट प्रोजेक्ट जैसी बड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा फिक्स डिपॉजिट की राशि में ३० से ४० प्रतिशत हिस्सा मनपा के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन, पीएफ और ग्रेच्युटी देने में इस्तेमाल किया जा सकता है। अगर इन फिक्स डिपॉजिट को मनमाने ढंग से खर्च किया गया, तो आने वाले दिनों में मनपा को आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ सकता है।

शिवसेना के काल में फिक्स डिपॉजिट में हुई थी वृद्धि
२० साल पहले घाटे में चल रही मुंबई महानगरपालिका में शिवसेना के सत्ता में आने के बाद फिक्स डिपॉजिट में भारी वृद्धि देखी गई। शिवसेना के २५ साल के शासन में मनपा मुनाफे में आ गई और फिक्स डिपॉजिट की जमा राशि बढ़कर ९२ हजार करोड़ हो गई, लेकिन महायुति सरकार के कार्यकाल के बाद से मनपा की जमा राशि में तेजी से गिरावट आ रही है।

अन्य समाचार