नई दिल्ली। बीते दिनों दिल्ली के वसंत कुंज स्थित श्री शारदा इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेट के स्वामी चैतन्यानंद पर १७ लड़कियों ने यौन शोषण का आरोप लगाया था। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने चैतन्यानंद के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। एफआईआर दर्ज होने के बाद से चैतन्यानंद फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए कोर्ट में जमानत याचिका भी दायर की थी, लेकिन कोर्ट ने यह कहते हुए याचिका खारिज कर दी कि आरोप गंभीर हैं, इसलिए आरोपी से पुलिस का पूछताछ करना जरूरी है। बीते दिनों श्री शारदा इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट की १७ छात्राओं ने यौन शोषण करने का आरोप लगाते हुए बताया था कि चैतन्यानंद रात को जबरदस्ती उन्हें अपने बेडरूम में बुलाता था और अपने साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर करता था। इसके अलावा गर्ल्स हॉस्टल के कमरों में भी सीसीटीवी लगाने का आरोप सामने आया है। पुलिस ने यौन शोषण के अलावा स्वामी चैतन्यानंद पर फर्जी नंबर प्लेट का उपयोग करने और धर्म का इस्तेमाल करके धोखाधड़ी का केस भी दर्ज किया है। आरोप लगने का बाद से दिल्ली पुलिस चैतन्यानंद को ढूंढ रही थी। रविवार को पुलिस ने आगरा से आरोपी चैतन्यानंद को गिरफ्तार कर लिया।
५ दिन की पुलिस हिरासत में `पापी बाबा’
कई छात्राओं के यौन शोषण के आरोपी चैतन्यानंद सरस्वती को पुलिस ने दिल्ली के एक कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने स्वयंभू धर्मगुरु को ५ दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। इससे पहले पुलिस ने उसे रविवार सुबह आगरा से गिरफ्तार कर लिया। वह एक होटल में ठहरा हुआ था।
