जेदवी / मुंबई
नवरात्रि में सप्तमी, अष्टमी और नवमी का खास महत्व है। इन तीन दिनों में जहां नवरात्रि पंडालों में पूजा-अर्चना करने वाले श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगती हैं, वहीं गरबा प्रेमियों का जोश भी चरम पर होता है। मगर इस बार लगातार बारिश ने गरबा का उत्साह खत्म कर दिया है। मौसम विभाग ने तीन दिन भारी बारिश का अलर्ट जारी करके गरबा प्रेमियों का उत्साह ‘पानी-पानी’ कर दिया है।
बता दें कि नवरात्र के पावन अवसर पर जहां बाजारों में रौनक की उम्मीद की जाती है, वहीं लगातार बारिश के कारण बाजारों में सन्नाटा पसरा हुआ है। विभिन्न बाजारों में पानी भरने से बिक्री प्रभावित हुई है। मौसम विभाग ने पूरे महाराष्ट्र में ३० सितंबर तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। नवरात्र में लगातार बारिश होने से गरबा प्रेमी निराश हैं। जनकल्याण नगर में रहनेवाले अनामिका सिंह और रेखा ने बताया कि उन्होंने एक महीने गरबा खेलने की तैयारी कर रखी थी। इसके लिए उन्होंने विशेष कपड़े और आभूषणों की खरीदारी की थी। मगर बारिश में गरबा खेलना मुश्किल है। ऐसे में सब बेकार हो गया। बता दें कि नवरात्रि में बाजार में खासी रौनक रहती है, पर इस बार बारिश के कारण बाजार सूने पड़े हैं, जिसकी वजह से व्यापारी चिंता में हैं। उनका कहना है कि नवरात्रि के पावन अवसर पर बाजारों में जिस रौनक की उम्मीद थी, वह बारिश के कारण धुल गई है।
घाटे में आयोजक
नवरात्रि का इंतजार सबसे अधिक गरबा आयोजकों को रहता है। जब बड़े-बड़े गायकों और फिल्मी कलाकारों के साथ मिलकर गरबा नाइट्स का आयोजन करते हैं। इस वर्ष भी बड़े आयोजन किए गए थे, लेकिन बारिश ने सब पर पानी फेर दिया। बारिश के कारण उम्मीद के अनुसार टिकट न बिकने की वजह से आयोजकों को भारी नुकसान पहुंचा है।
