मुख्यपृष्ठनए समाचारगणेश नाईक के गढ़ में शिंदे ने भरी हुंकार!.. नई मुंबई मनपा...

गणेश नाईक के गढ़ में शिंदे ने भरी हुंकार!.. नई मुंबई मनपा में सत्ता लाने के लिए कार्यकर्ताओं का किया आह्वान

सामना संवाददाता / मुंबई

ठाणे जिला उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और वन मंत्री गणेश नाईक के बीच राजनीतिक घमासान का केंद्र बना हुआ है। दोनों नेता एक-दूसरे के क्षेत्र में जाकर आक्रामक रूख अपनाते हुए एक दूसरे पर अप्रत्यक्ष रूप से निशाना साधने से बाज नहीं आ रहे हैं। गणेश नाईक के गढ़ नई मुंबई के वाशी स्थित पांच सितारा फॉर्च्यून होटल में आयोजित एक कार्यक्रम में शिंदे ने अप्रत्यक्ष रूप से गणेश नाईक पर निशाना साधते हुए कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि मनपा में सत्ता लाने के लिए तैयारी में जुट जाएं।
इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि महायुति होगी या नहीं होगी, यह हम बाद में देखेंगे। नई मुंबई मनपा पर सत्ता लाना स्वर्गीय धर्मवीर आनंद दिघे का जो सपना था, उस सपने को पूरा करने के लिए अभी से जुट जाओ। इस मौके पर शिंदे ने अपने मुख्यमंत्रित्व काल में नई मुंबई में किए गए एक-एक काम को गिनाते हुए कार्यकर्ताओं से इन कामों को घर-घर तक पहुंचाने की बात कही। इसके साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से अकेले दम पर चुनाव लड़ने के लिए भी तैयार रहने के भी बात कही।
बता दें कि इससे पहले गणेश नाईक ने ठाणे में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक में शिंदे पर अप्रत्यक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा था कि ठाणे में सत्ता में आना चाहते हैं तो रावण के अहंकार को जलाने के लिए तैयार रहें। इसके कारण शिंदे और नाईक के बीच टकराव और बढ़ गया है। इस बीच गत शनिवार को वाशी में एक समीक्षा बैठक में गणेश नाईक के समर्थकों ने एकनाथ शिंदे के काम करने के तरीकों की आलोचना की और मनपा आयुक्त की भी आलोचना की थी। इसके बाद एकनाथ शिंदे ने उपस्थित कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि कार्यकर्ता वार्डों में काम करें। मतदाता सूची पर नजर रखें और नई मतदाता सूची आने पर उसका ध्यानपूर्वक अध्ययन करें। बाकी चुनाव मुझ पर छोड़ दें।
शिंदे के खिलाफ भाजपा में नाराजगी!
भाजपा के अंदर ही शिंदे के खिलाफ बगावत शुरू हो गई है। हाल ही में मंत्री गणेश नाईक ने भाजपा के पूर्व नगरसेवकों की बैठक बुलाई थी। इस बैठक में शिंदे के खिलाफ तीखा सुर सुनाई दिया। आरोप लगाया गया कि नगरविकास मंत्री होने के नाते शिंदे भाजपा नगरसेवकों के कामों में अड़ंगा डाल रहे हैं। भाजपा के पूर्व नगरसेवकों ने उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाजपा पदाधिकारियों ने साफ कहा है कि आनेवाले नई मुंबई महापालिका चुनाव में भाजपा को अपने दम पर लड़ना चाहिए और शिंदे संग किसी भी तरह का गठबंधन स्वीकार नहीं होगा।
संजीव नाईक निकालेंगे मोर्चा
उधर, पूर्व सांसद संजीव नाईक मोर्चा निकालने की तैयारी कर रहे हैं। इतना ही नहीं, अगले आठ दिनों में वे सीधे सीएम के वर्षा निवास पर जाकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात करेंगे और साफ कहेंगे कि नई मुंबई में शिंदे का साथ नहीं चाहिए। शिंदे विकास कार्यों में रोड़े अटका रहे हैं, इस पर कार्रवाई हो।

अन्य समाचार