मुख्यपृष्ठनए समाचारअयोध्या में फिल्मी सितारों वाले रामलीला में रावण दहन पर रोक!

अयोध्या में फिल्मी सितारों वाले रामलीला में रावण दहन पर रोक!

मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ

अयोध्या के राम कथा पार्क में पिछले डेढ़ महीने से बन रहे 240 फीट ऊंचे रावण के दहन की अनुमति प्रशासन ने नहीं दी। गैर परंपरागत और असुरक्षित होने के नाते प्रशासन ने अनुमति देने से इनकार करते हुये कहा कि नई परंपरा को अनुमति नहीं दी जा रही है। निराश आयोजकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अनुमति के लिए गुहार लगाई है। बता दें कि अयोध्या में फिल्मी सितारों से सजी रामलीला के आयोजकों ने ही 240 फीट ऊंचे रावण दहन की तैयारी की थी। रामलीला के संस्थापक सुभाष मलिक उर्फ बॉबी ने बताया कि बड़े दुख और पीड़ा के साथ हमें यह बताना पड़ रहा है कि हमारी अयोध्या की रामलीला के रावण दहन की अनुमति रद्द कर दी गई है। हमने 240 फुट के रावण की तैयारी डेढ़ महीने से विभिन्न जगहों पर की थी, लेकिन अंतिम समय में अनुमति रद्द होने से हमारी आत्मा दुखी है।

उन्होंने कहा कि अयोध्या की रामलीला की शुरुआत 2020 में कोरोना काल के दौरान हुई थी, जब लोग घरों से नहीं निकल रहे थे। हमने इसकी शुरुआत की थी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हमें परमिशन दी थी। हमारी रामलीला इकलौती थी जो दुनिया भर में घर बैठे राम भक्त दूरदर्शन नेशनल पर लाइव देख रहे थे। मुख्यमंत्री के आशीर्वाद और संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से हमारी रामलीला ने सारे विश्व के रिकॉर्ड तोड़े थे। आज हमारी रामलीला विश्व की सबसे बड़ी रामलीला है, जिसे करोड़ों लोग दुनिया भर में देखते हैं। अभी तक इक्यावन करोड़ से ज्यादा राम भक्त अयोध्या के रामलीला को देख चुके हैं और दशहरे के रावण का पुतलों के दहन का इंतजार कर रहे हैं। बॉबी ने बताया कि यदि अनुमति नहीं मिली तो अब हम लोग 240 फीट ऊंचे रावण के पुतले को यहां से अन्यत्र ले जाकर कहीं अनुमति देकर विजयदशमी के दिन दहन करने की कोशिश करेंगे।

अन्य समाचार