मुख्यपृष्ठअपराधपुलिस ने एलएसडी प्रतिबंधित मादक पदार्थ के साथ दो लोगों को पकड़ा

पुलिस ने एलएसडी प्रतिबंधित मादक पदार्थ के साथ दो लोगों को पकड़ा

राधेश्याम सिंह

नालासोपारा। वसई पश्चिम में ड्रग्स के खिलाफ की गई कार्रवाई में पुलिस ने दो युवकों को प्रतिबंधित मादक पदार्थ एलएसडी (लिसर्जिक एसिड डायएथिलेमाइड) के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वसई पश्चिम स्थित ग्लोबल नेट नामक दुकान के सामने, पार्वती टॉकीज के पीछे मौजूद खाली जगह में अंजाम दी गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देव पंकज मोदी (27) और सोहेल युसुफ सय्यद (28) के रूप में हुई है, जो दोनों वसई पश्चिम के निवासी हैं और अलग-अलग पेशों से जुड़े हैं।

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक पारदर्शी ज़िप लॉक प्लास्टिक पाउच में मौजूद 25 आयताकार कागज की स्ट्रिप्स बरामद कीं। इन स्ट्रिप्स पर एक तरफ सूर्य और उड़ते पक्षी की आकृति बनी हुई थी, जबकि दूसरी तरफ सफेद साधारण सतह थी। इन स्ट्रिप्स का कुल वजन 0.440 मिलीग्राम था, जिसे एलएसडी के रूप में पहचाना गया है। एलएसडी एक शक्तिशाली साइकोट्रॉपिक ड्रग है, जिसके वितरण और उपयोग पर सख्त नियंत्रण है।

पुलिस ने मौके पर दो पंचों की मौजूदगी में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत पंचनामा तैयार किया और बरामद मादक पदार्थ को विधिपूर्वक सील करके आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस स्टेशन में जमा किया। आरोपियों की चिकित्सकीय जांच भी करवाई गई। उनके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम 1985 की धारा 8(क), 22(क) और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इस कार्रवाई का नेतृत्व सहायक पुलिस उपनिरीक्षक मनोज नारायण मोरे (गुन्हे शाखा कक्ष-2, वसई) ने किया। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि यह ड्रग्स आरोपियों तक किस माध्यम से पहुँची और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है या नहीं। पुलिस ने बताया कि इस मामले में सभी पहलुओं की विवेचना की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अन्य समाचार