मुख्यपृष्ठनए समाचारसोने की मोटी-मोटी चेन पहनने वाला पुरुष बैल!

सोने की मोटी-मोटी चेन पहनने वाला पुरुष बैल!

-दादा ने की अपने ही कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की खिंचाई…बोले- गहना महिलाओं को शोभा देता है न कि पुरुषों को

सामना संवाददाता / मुंबई

अपने बयानों को लेकर अक्सर विवादों में रहनेवाले राज्य के उप मुख्यमंत्री अजीत पवार ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। उन्होंने सोने की मोटी-मोटी चेन पहनने वाले पुरुषों की तुलना बैल से की है। उन्होंने कहा कि मोटी-मोटी चेन पहनने वाले पुरुष बैल के समान होते हैं। उनका यह बयान एक प्रकार से कार्यकर्ताओं के लिए हिदायत भी है तो अन्य लोग उनके इस बयान पर चुटकी ले रहे हैं।
दरअसल, पुणे में एक शो-रूम का उप मुख्यमंत्री अजीत पवार ने उद्घाटन किया, लेकिन इस मौके पर उन्होंने अपने ही कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की खिंचाई की और उनके कान खींचे और हिदायत दी, जिसकी जोरदार चर्चा हो रही है।
दादा ने कहा कि सोने के गहने पहनना यह केवल महिलाओं को शोभा देता है। पुरुषों को इस चक्कर में नहीं पड़ना चाहिए। गले में मोटी-मोटी सोने की चेन पहनने वाले पुरुष बैल जैसे दिखते हैं, जिनके गले में जंजीर डाली जाती है। आज सोना लाख के पार चला गया है, फिर भी कई लोग सोना खरीदने और पहनने की होड़ में रहते हैं। इसके लिए लोग अपनी जमीन-जायदाद भी बेच देते हैं। कुछ तो गोल्डन मैन के नाम से मशहूर हैं। कुछ तो सोने के कपड़े भी पहनते हैं और कुछ गले में मोटी-मोटी सोने की चेन डालकर घूमते नजर आते हैं।
इस दौरान दादा ने अपनी ही पार्टी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को खरी-खोटी सुनाई। उन्होंने कहा कि मेरा पुरुषों और युवाओं से सिर्फ एक ही कहना है कि सोना हमारी मां, पत्नी, बहन और बेटी पर ही अच्छा लगता है। यह पुरुषों पर नहीं जंचता। इसलिए पुरुषों को इस फालतू के चक्कर में नहीं पड़ना चाहिए।

अन्य समाचार