दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में चल रहे वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप २०२५ के दौरान ३ अक्टूबर को कुछ आवारा कुत्तों ने जापान और केन्या के कोचों पर हमला कर दिया। सुबह करीब ९ बजे, जब खिलाड़ी और कोच अपनी तैयारी में लगे थे, तब दो कुत्ते स्टेडियम में घुस आए। केन्या के कोच डेनिस माराजिया को एक कुत्ते ने पैर में काट लिया, जबकि कुछ मिनट बाद जापान की महिला कोच मेइको ओकुमत्सु भी इसी तरह के हमले की शिकार हुईँ। दोनों कोचों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज हुआ और एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाए गए। इस घटना से विदेशी टीमों में डर और चिंता फैल गई। आयोजकों ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर स्टेडियम में कुत्ता पकड़ने वाली टीमें तैनात कर दी हैं। नगर निगम को पहले भी कुत्ते हटाने के लिए पत्र लिखा गया था, लेकिन वे फिर वापस आ गए थे। अब सुरक्षा और सफाई को और मजबूत किया गया है।
