राधेश्याम सिंह
वसई। दिवाली शुरू होते ही वसई-विरार के कई इलाकों से आग लगने की घटनाएँ सामने आई हैं। मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे विरार (पूर्व) के आर. जे. नगर में एक फर्नीचर की दुकान में भीषण आग लग गई। इस आग में पूरा दुकान जलकर राख हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, फर्नीचर की इस दुकान में लकड़ी और प्लास्टिक का काफी सामान रखा हुआ था, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई। घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं और घंटों की मेहनत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।फिलहाल, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, दुकान में रखा भारी मात्रा में माल जलकर खाक हो गया है।विशाल शिर्के, (अग्निशमन केंद्र अधिकारी/वसई विरार शहर महानगरपालिका) ने बताया कि,दो दिन में (दिवाली के दौरान) वसई–विरार शहर में कई स्थानों पर आग लगने की घटनाएँ सामने आईं।
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुँचीं और आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात यह है कि किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। इन आगजनी की घटनाओं में लोगों की संपत्ति को नुकसान पहुँचा है। कई घरों, नारियल के पेड़ों, ट्रांसफार्मर, मधुबन क्षेत्र और गुजरात गैस पाइपलाइन के पास आग लगी। कुल मिलाकर 19 से 20 स्थानों पर आगजनी की घटनाएँ दर्ज की गईं।दमकल विभाग ने समय रहते स्थिति को नियंत्रण में ले लिया और बड़े हादसे को टाल दिया।
