मुख्यपृष्ठसमाचारबृजभूषण शरण सिंह के 2029 में चुनाव लड़ने के ऐलान पर भाजपा...

बृजभूषण शरण सिंह के 2029 में चुनाव लड़ने के ऐलान पर भाजपा नेता हुए खामोश

मनोज श्रीवास्तव/लखनऊ

कैसरगंज से पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने 2029 चुनाव लड़ने को लेकर भाजपा को असमंजस में डाल दिया है। बार-बार अपनी पार्टी के राज्य सरकार और अधिकारियों के रवैये को लेकर घेरने वाले बृजभूषण शरण के बयान पर भाजपा नेता बोलने से कतरा रहे हैं। पार्टी नेतृत्व को अल्टीमेटम देते हुये उन्होंने यह नहीं स्पष्ट किया कि उनके द्वारा खाली की गई जिस सीट पर उनके पुत्र सांसद बने वहीं से लड़ेंगे या देवीपाटन मंडल की किसी और सीट पर दावा ठोंक कर परिवार को राजनैतिक विस्तार देंगे।

उन्होंने कहा कि जनता उन्हें सांसद के रूप में देखना चाहती है। इसलिए, 2029 का चुनाव लड़ूंगा। मुझे परिस्थिति जन्य रिटायर कर दिया गया है। क्षेत्र की जनता ने उन्हें रिटायर नहीं किया है। उन्होंने कहा कि जनता उन्हें सांसद के रूप में देखना चाहती थी, मैंने भी उस निर्णय को स्वीकार किया है। हालांकि पार्टी ने उनके बेटे को टिकट दिया। आज भी देवी पाटन मंडल की जनता उन्हें सांसद के रूप में देखना चाहती है। इसलिए, मैंने 2029 का चुनाव लड़ने का तय किया है। इस बयान को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। राजनैतिक प्रेक्षकों के अनुसार विधानसभा सिंह चुनाव 2027 के पहले पार्टी की घेराबंदी कर रहे हैं। 2014 के बाद भाजपा ने पार्टी के क्षत्रपों को हाशिये पर ढकेल कर अपना अनुशासन स्थापित किया है।

बता दें कि बृजभूषण शरण सिंह ने पहले भी कई बार बस्ती, अयोध्या, गोंडा, कैसरगंज की सीटों पर अपने प्रभाव का दावा किया है। बृजभूषण के ऐलान पर पार्टी के रुख का इंतजार है। दरअसल, बृजभूषण शरण सिंह छह बार सांसद रहे हैं। वह गोंडा, बलरामपुर व कैसरगंज संसदीय सीट का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। एक बेटा करन भूषण सिंह सांसद व दूसरा बेटा प्रतीक भूषण सिंह विधायक है। पत्नी केतकी सिंह भी सांसद रह चुकी हैं।”

अन्य समाचार