-हिंदुस्थान को भी चेतावनी का झटका!
राजन पारकर
अमेरिका से उठी यह दहशत की खबर अब हिंदुस्थान तक पहुंच चुकी है। पक्षियों में पलने वाला घातक H5N5 बर्ड फ्लू पहली बार इंसान की देह में घुसा है!
ग्रे हार्बर काउंटी का एक बुजुर्ग इस संक्रमण से जूझ रहा है और हालत नाजुक बताई जा रही है। बुखार, बेचैनी और सांस की तकलीफ से शुरू हुआ यह मामला सीधा दुनिया के गले पर खतरे की तलवार बनकर लटक गया है।
बुजुर्ग के घर में पालतू मुर्गियां थीं और जंगली पक्षियों का आना-जाना रोज का मामला था। दो पक्षियों की रहस्यमय मौत के बाद अब डॉक्टरों को साफ शक-वायरस ने दहलीज पार कर इंसान पर हमला बोला है!
हिंदुस्थान पर क्या पड़ेगा असर?-सामना की पड़ताल
पोल्ट्री उद्योग की कमर तोड़ सकता है यह वायरस
भारत का पोल्ट्री उद्योग लाखों घरों की रोटी है। H5N5 अगर यहां पहुंचा, तो मुर्गियों की कटाई, बंदिशें और बाजार की तबाही तय!
जंगली पक्षियों की उड़ान से बढ़ेगी दहशत
भारत प्रवासी पक्षियों का बड़ा पड़ाव है। एक फ्लाइट गलत दिशा में लग जाए, और वायरस सीधे हमारे आसमान में उतर सकता है।
इंसानों में संक्रमण के बड़े खेल का डर
विशेषज्ञों के मुताबिक वायरस में “जेनेटिक बदलाव” यानी जैविक खेल हुआ है, तभी इंसान संक्रमित हुआ।
अगर यह खेल आगे बढ़ा, तो आने वाले दिन परेशानी बढ़ा सकते हैं।
अस्पतालों पर दबाव और जनता में घबराहट
कोरोना की यादें अभी भी ताजा हैं। एक नया वायरस मानवों में फैलने लगा तो स्वास्थ्य व्यवस्था की परीक्षा फिर से शुरू हो जाएगी।
अभी खतरा सिर पर नहीं,
पर हवा में हलचल जरूर है।
H5N5 ने इंसान में घुसकर दुनिया को संकेत दे दिया-अब लापरवाही का मतलब खुद को संकट के हवाले करना है!
