मुख्यपृष्ठखेलटेनएक्सयू ने हेरिस शील्ड टूर्नामेंट की प्रमुख टीमों के साथ साझेदारी की...

टेनएक्सयू ने हेरिस शील्ड टूर्नामेंट की प्रमुख टीमों के साथ साझेदारी की …युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को सशक्त बनाने की पहल

सामना संवाददाता / मुंबई

टेनएक्सयू (TENxYOU) ने आज प्रतिष्ठित हेरिस शील्ड टूर्नामेंट में भाग लेने वाली शीर्ष आठ टीमों के लिए क्रिकेट जर्सी प्रायोजन की घोषणा की। यह साझेदारी टेनएक्सयू की प्रतिबद्धता को दर्शाती है कि वह देश में जमीनी स्तर पर क्रिकेट प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और भविष्य के चैम्पियन खिलाड़ियों को सहयोग देने के लिए सतत प्रयासरत है।

हेरिस शील्ड टूर्नामेंट का 129वां संस्करण जो भारत की सबसे पुरानी और प्रतिष्ठित स्कूल-स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता है। अनेक क्रिकेट दिग्गजों का सशक्त प्रारंभिक मंच रहा है। वर्षों से इस प्रतियोगिता ने सचिन तेंदुलकर, विनोद कांबली, वसीम जाफर और रोहित शर्मा जैसे विश्वस्तरीय खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर दिया है। समृद्ध विरासत और प्रतिस्पर्धी भावना के लिए प्रसिद्ध यह टूर्नामेंट आज भी भारत के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के करियर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। हर वर्ष सैकड़ों स्कूलों की भागीदारी के साथ, हेरिस शील्ड केवल एक प्रतियोगिता नहीं बल्कि प्रतिभा, दृढ़ता और क्रिकेट की भावना का उत्सव है।

इस अवसर पर प्रसिद्ध क्रिकेटर, टेनएक्सयू (TENxYOU) के सह-संस्थापक एवं चीफ इंस्पिरेशन ऑफिसर सचिन तेंदुलकर ने कहा कि हेरिस शील्ड का मेरे जीवन में एक विशेष स्थान है। इन मैचों ने मुझे अनुशासन, टीमवर्क और धैर्य सिखाया। वे गुण जो मेरे पूरे क्रिकेट करियर में मेरे साथ रहे। इस टूर्नामेंट का समर्थन करने का अर्थ है युवा खिलाड़ियों को वही मंच देना, जिसने मेरे क्रिकेट सफर को आगे बढ़ाया।

वहीं टेनएक्सयू के सीईओ एवं सह-संस्थापक कार्तिक गुरुमूर्ति ने कहा, “टेनएक्सयू में हमारा विश्वास है कि प्रतिभा को कम उम्र में पहचानकर उसे वह सब उपलब्ध कराना चाहिए जो उसका भविष्य उज्ज्वल बनाने के लिए आवश्यक है। ऐसा भविष्य जिसमें भारत खेलना कभी न छोड़े। यह प्रायोजन केवल जर्सियों तक सीमित नहीं है; यह युवा खिलाड़ियों को सशक्त बनाने, उनके सपनों को प्रोत्साहित करने और भारतीय क्रिकेट के लिए एक मजबूत आधार तैयार करने की दिशा में एक कदम है।”

आगामी समय की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए, टेनएक्सयू ने जमीनी स्तर पर अपनी भागीदारी को और गहरा करने की योजना बनाई है। इसका उद्देश्य खिलाड़ियों को सर्वोत्तम उपकरणों और संसाधनों से सुसज्जित करना है, ताकि वे अपने प्रदर्शन को उच्चतम स्तर तक पहुंचा सकें। उच्च गुणवत्ता वाले किट से लेकर उन्नत प्रशिक्षण सहायता तक, ब्रांड का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि हर उभरते हुए क्रिकेटर को, उसकी पृष्ठभूमि चाहे जो भी हो, उसकी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिले। टेनएक्सयू की दृष्टि एक ऐसे खेल पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण करना है, जहां प्रतिभा और अवसर का मेल हो और भारत ऐसे चैंपियनों को निरंतर तैयार करता रहे जो पूरे विश्व को प्रेरित करें। हेरिस शील्ड जैसी स्कूल-स्तरीय प्रतियोगिताओं में निवेश कर, टेनएक्सयू उस भविष्य की नींव रख रहा है जहां क्रिकेट आने वाली पीढ़ियों के लिए गर्व और जुनून का प्रतीक बना रहेगा।

ये सहयोग टेनएक्सयू के एथलीट कल्याण के प्रति समग्र दृष्टिकोण को दर्शाते हैं। जहां प्रदर्शन, सुविधा और वैज्ञानिक नवाचार का संगम किया गया है। इंसाइट (Insite), जो टेनएक्सयू की स्वामित्व वाली बायोमैकेनिक्स तकनीक है, के उपयोग से ब्रांड ने विशेष आर्क-फिटेड इनसोल्स विकसित किए हैं। इनका उद्देश्य खिलाड़ियों को अधिक आराम प्रदान करना, चोट के जोखिम को कम करना और युवा क्रिकेटरों के शारीरिक विकास में सहयोग करना है।

अन्य समाचार