– परिवार ने पांच लोगों पर हत्या की साजिश का आरोप लगाया
सहारनपुर में अंधविश्वास और लालच की भेंट चढ़कर एक युवक की जान चली गई। जड़ी-बूटी बेचकर गुजर-बसर करने वाले ३४ वर्षीय सिकंदर नाथ की मौत तब हो गई, जब उसने १० हजार रुपए की शर्त जीतने के लिए कोबरा से अपने हाथ की उंगली कटवा ली। सिकंदर अलग-अलग गांवों में घूमकर जड़ी-बूटी बेचता था और दावा करता था कि उसके पास ऐसी दवा है, जो सांप के काटने पर भी असर दिखाती है। इसी दावे को लेकर उसकी सहारनपुर के सुंदरपुर इलाके में कुछ लोगों से कहा-सुनी हो गई।
लोगों ने ऐसा न करने की दी सलाह
विवाद के दौरान कुछ युवकों ने सिकंदर को चुनौती दी कि वह कोबरा से कटवाकर अपनी बात साबित करे। बदले में १० हजार रुपए देने का वादा किया गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे ऐसा न करने की सलाह दी, लेकिन सिकंदर अपनी शर्त साबित करने पर अड़ गया। इस बीच वहां मौजूद मोहित नाम का युवक जो खुद को स्नैक रेस्क्यूअर और यूट्यूबर बताता है। अपने पास मौजूद एक रेस्क्यू किए गए सांप को लाया और सिकंदर को उकसाते हुए शर्त लगाने की बात कही। सिकंदर तैयार हो गया और कोबरा ने उसकी उंगली पर काट लिया। पूरी घटना का वीडियो वहीं मौजूद लोग बनाते रहे। सांप के काटते ही कुछ ही देर में सिकंदर की हालत बिगड़ने लगी। उसे पहले बिजनौर के पास एक अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर किया गया। रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। यह घटना १०–११ नवंबर की बताई जा रही है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सामने आया। सिकंदर नाथ के परिवार ने इसे हत्या की साजिश बताते हुए मोहित सहित पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। परिवार का कहना है कि आरोपियों ने जानबूझकर सिकंदर को उकसाया और उसकी मौत के लिए वही जिम्मेदार हैं। एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि सिकंदर और उसके साथियों ने सड़क किनारे जड़ी-बूटियां बेचते समय यह दावा किया था कि उसकी दवा सांप के जहर का असर खत्म कर देती है। मोहित ने इसी दावे को चुनौती दी और १० हजार रुपयों की शर्त लगाकर सिकंदर को कोबरा से कटवाया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी पुष्टि हुई कि मौत सांप के काटने से ही हुई है। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
