देशभर में सैकड़ों उड़ानों के रद्द होने का साइड इफेक्ट
सुनील ओसवाल / मुंबई
पिछले कुछ दिनों से रोजाना सैकड़ों घरेलू उड़ानों के रद्द होने का असर विमानों के किरायों पर पड़ा है। हजारों यात्री विभिन्न हवाई अड्डों पर फंसे हुए हैं। इसी बीच विमान किरायों ने ‘तिलस्मी’ छलांग लगाई है। हालत यह है कि देश में विमान यात्रा करना आम आदमी के बूते से बाहर हो चुका है। इसके मुकाबले लंदन और बैंकॉक जैसे विदेशी ठिकानों का किराया सस्ता है। कल उस समय पुणे से मुंबई आनेवाले यात्रियों में हड़कंप मच गया, जब पुणे से मुंबई का विमान किराया ६१,००० रुपए देखने को मिला। दूसरी तरफ पुणे से बैंकॉक का किराया इसका आधा ३०,००० रुपए दिख रहा था। ऐसे में सोशल मीडिया पर चर्चा चलने लगी कि ‘अब घरेलू यात्रा भूल जाओ और घूमने के लिए बैंकॉक उड़ जाओ!’
यात्रियों की भीड़ देखकर कंपनियों ने बढ़ाए टिकटों के दाम!
सैकड़ों उड़ानों के रद्द होने से हवाई अड्डों पर मची अफरा-तफरी
पुणे से मुंबई और देश के अन्य घरेलू मार्गों पर विमान यात्रा इन दिनों बेहद महंगी और मुश्किल हो गई है। इंडिगो एयरलाइंस की ऑपरेशन समस्याओं और लगातार उड़ानों के रद्द होने के कारण टिकट की कीमतें अचानक बढ़ गई हैं। हाल ही में कंपनी ने देशभर में १,००० से अधिक उड़ानें रद्द की हैं, जिससे मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरू और अन्य हवाईअड्डों पर यात्रियों की भीड़ असामान्य रूप से बढ़ गई है। यात्रियों की असुविधा का फायदा उठाते हुए अन्य एयरलाइंस जैसे एयर इंडिया, स्पाइसजेट और अकासा एयर ने भी अपने टिकटों के दाम बढ़ा दिए हैं।
पुणे से मुंबई की टिकट अब ६१,००० रुपए तक पहुंच गई है, जबकि पुणे–दिल्ली २७,००० और पुणे–बेंगलुरू ४९,००० रुपए हो गई हैं। तुलना के लिए, मुंबई से लंदन ५०,००० रुपए और बैंकॉक की टिकट ३०,००० रुपए में उपलब्ध हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, इसका मुख्य कारण इंडिगो एयरलाइंस के ऑपरेशनल व्यवधान और उड़ानों की कमी है। इंडिगो की समस्या का एक मुख्य कारण फ्लाइट क्रू की कमी और नागरिक विमानन महानिदेशालय द्वारा लागू फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन नियम हैं।
कई गुना बढ़ा किराया
मुंबई-दिल्ली, दिल्ली–बेंगलुरू और चेन्नई–हैदराबाद जैसे प्रमुख मार्गों पर टिकटों की कीमतें २ से ४ गुना तक बढ़ गई हैं। इससे सामान्य यात्रियों को भारी आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा है। हवाई अड्डों पर रद्द उड़ानों और लंबी कतारों के कारण यात्रियों को मानसिक तनाव का सामना करना पड़ रहा है। इंडिगो एयरलाइंस ने यात्रियों से माफी मांगते हुए स्थिति सुधारने का आश्वासन दिया है, लेकिन यात्रियों की असुविधा जारी है।
किराए ने तोड़ी कमर
पुणे-मुंबई : रु. ६१ हजार
पुणे-बैंकॉक : रु.३० हजार
