सामना संवाददाता / मुंबई
बॉलीवुड इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (बीआईएफएफ) का छठा तीन दिवसीय आयोजन इस वर्ष भी मुंबई में आयोजित किया जा रहा है। यह प्रतिष्ठित फिल्म महोत्सव स्टेज ऐप के स्पॉन्सरशिप तथा सहयोगी संस्थाएं ओमपुरी फाउंडेशन और पहल फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में 12 से 14 दिसम्बर 2025 तक वेदा कुनबा थिएटर, अंधेरी वेस्ट, मुंबई में संपन्न होगा।
इस वर्ष फेस्टिवल की विशेष पहचान यह है कि उद्घाटन दिवस महिलाओं को समर्पित रखा गया है। पहले दिन स्त्री विषयक महत्वपूर्ण और प्रभावशाली फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। समारोह का उद्घाटन मशहूर बॉलीवुड निर्देशक अनुभव सिन्हा दीप प्रज्वलन कर करेंगे। फेस्टिवल में यशपाल शर्मा, प्रतिभा शर्मा, बिंदु दारा सिंह, सीमा भार्गव पाहवा, प्रेरणा अग्रवाल, सीमा कपूर, रोहिताश्व, रेखा गौड़ और संजय मिश्रा सहित फिल्म जगत की अनेक जानी-मानी हस्तियां, फिल्मकार, तकनीशियन तथा युवा कलाकार उपस्थित रहेंगे।
पहले दिन ओमपुरी फाउंडेशन और बीआईएफएफ की ओर से अभिनेता मोहम्मद जीशान अय्यूब को ‘बेस्ट एक्टर ऑफ द ईयर’ तथा सुशांत सिंह को ‘एक्सीलेंस इन सिनेमा’ अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। बॉलीवुड इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का उद्देश्य उन प्रतिभाशाली कलाकारों को मंच प्रदान करना है, जिनके पास हुनर तो है लेकिन अवसर और उचित मार्गदर्शन का अभाव है। महोत्सव के दौरान आयोजित मास्टर क्लास के माध्यम से उभरती प्रतिभाओं को सिनेमा जगत के अनुभवी लोगों से सीखने का अवसर मिलेगा। बॉलीवुड अभिनेता-निर्देशक प्रतिभा शर्मा और सुप्रसिद्ध अभिनेता-निर्देशक यशपाल शर्मा इस फेस्टिवल के संस्थापक एवं आइकन फेस हैं, जो अपने निरंतर प्रयासों से इस आयोजन को हर वर्ष नई ऊंचाइयों तक ले जा रहे हैं।
