राधेश्याम सिंह
वसई। पिछले पाँच दिनों से लापता 8 वर्षीय एक बच्चे का शव इमारत की पानी की टंकी से बरामद हुआ है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।लापता बच्चा मेहराज मुस्तफा शेख (8), नालासोपारा पश्चिम के टाकीपाड़ा क्षेत्र स्थित कराडीबाग नामक इमारत में अपने माता-पिता के साथ रहता था। 3 दिसंबर को वह खेलने के लिए घर के बाहर गया था, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटा। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां खोजबीन की, लेकिन जब कुछ पता नहीं चला, तो 4 दिसंबर को नालासोपारा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज किया था।इस बीच, सोमवार सुबह इमारत में रहने वाले रहिवाशों को पानी की टंकी से बदबू आने लगी। इसकी सूचना अग्निशमन दल और पुलिस को दी गई। टंकी की जांच करने पर उसमें मेहराज का शव सड़ी-गली हालत में मिला। टंकी का ढक्कन खुला हुआ पाया गया।पुलिस की प्रारंभिक जांच में ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि मेहराज खेलते-खेलते टंकी के पास आया होगा और खुले ढक्कन के कारण फिसलकर टंकी में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। फिलहर नालासोपारा पुलिस आगे की जांच में जुटी है।
