अनिल मिश्र / रांची
झारखंड प्रदेश के पलामू जिले में चतर्पुर थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ ग्रामीण चिकित्सक द्वारा दुष्कर्म का मामला सामने आया है। दरअसल, यह घटना चतर्पुर थाना क्षेत्र की एक गांव की बतायी जा रही है, जहां पीड़िता अपने बच्चे का इलाज कराने गई थी। इस संबंध में पलामू पुलिस ने आज सोमवार को इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं आरोपी से पूछताछ की जा रही है। इस संबंध में पलामू के वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि एक ग्रामीण चिकित्सक ने महिला को अपने घर ले जाकर बच्चे को सांस लेने में दिक्कत होने के कारण भाप दिलाने की बात कही। जैसे ही महिला अपने बच्चे के साथ उसके घर में दाखिल हुई, आरोपी ने तुरंत दरवाज़ा बंद कर दिया। इसके बाद उसने महिला को धमकाया और उसके छोटे बच्चे के सामने ही दुष्कर्म किया।इस संबंध में पीड़िता का बच्चा बीमार था और उसे सर्दी-जुकाम की शिकायत थी, वहीं सांस लेने में भी परेशानी हो रही थी।इसी कारण इलाज के लिए महिला उसे लेकर चतर्पुर बाजार स्थित एक क्लिनिक पहुंची। वहीं मौजूद झोलाछाप डॉक्टर ने बच्चे की जांच करने के बाद कहा कि बच्चे को भाप दिलाने की जरूरत है, जो उसके क्लिनिक के ठीक बगल स्थित उसके घर में उपलब्ध है।
पुलिस के मुताबिक यह शर्मनाक घटना 5 दिसंबर को हुई थी, लेकिन पीड़िता सदमे और डर की वजह से तुरंत शिकायत दर्ज नहीं करा पाई। परिवार से सलाह-मशविरा करने के बाद उसने रविवार को चतर्पुर थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। इस बीच पुलिस ने बताया कि आरोपी चिकित्सक को गिरफ्तार कर पूछताछ किए जा रहे हैं। उसके बाद न्यायसंगत धारा के अनुसार उसे अदालत में पेश किया जाएगा।
