रोहित माहेश्वरी, लखनऊ
बसपा प्रमुख मायावती ने कहा है कि देश में बढ़ती गरीबी, बेरोजगारी और आमजन की समस्याओं का समाधान केवल डॉ. बाबासाहेब आंंबेडकर के मानवतावादी संविधान को सही ढंग से लागू करने से ही संभव है। उन्होंने महापरिनिर्वाण दिवस पर लखनऊ स्थित डॉ. आंबेडकर सामाजिक परिवर्तन स्थल और नोएडा के राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल सहित देशभर में आयोजित कार्यक्रमों के लिए समर्थकों का आभार जताया। मायावती ने कहा कि वायु प्रदूषण, रुपए की गिरती कीमत और अन्य संकटों से निपटने के लिए सरकारों को जनहित में ईमानदारी से नीतियां बनानी होंगी। उन्होंने दोहराया कि संविधान ही समाज को गरीबी-बेरोजगारी से मुक्त करने का सबसे मजबूत रास्ता है।
भाजपा की केंद्र व यूपी सरकार पूरी तरह विफल – अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। सहारनपुर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र और उत्तर प्रदेश-दोनों जगह भाजपा सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि जनता महंगाई से त्रस्त है, युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा और प्रदेश की कानून-व्यवस्था बिगड़ चुकी है। रुपए के डॉलर के मुकाबले कमजोर होने को उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था के संकट का संकेत बताया।
संजय सिंह ने लगाए वोट चोरी का आरोप
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने उत्तर प्रदेश में एसआईआर के नाम पर वोट चोरी का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने रामपुर का मामला सोशल मीडिया पर उठाते हुए बताया कि ८० साल की बीमार बुजुर्ग महिला नूरजहां के खिलाफ केवल एसआईआर फॉर्म भरने को लेकर झूठी एफआईआर दर्ज कर दी गई। संजय सिंह ने कहा कि महिला के दोनों बेटे आमिर और दानिश भारत के नागरिक हैं और कुवैत में नौकरी करते हैं। चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार मां फॉर्म भर सकती हैं, इसके बावजूद डीएम के निर्देश पर मुकदमा दर्ज होना एसआईआर प्रक्रिया पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।
कांग्रेस ने योगी सरकार पर साधा निशाना
उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में अरुण यादव नाम के युवक का सरेआम अपहरण कर हत्या कर देने का मामला सामने आया है। युवक को पहले बेरहमी से पीटा गया, फिर जबरन गाड़ी में डालकर उठाया गया और बाद में उसकी हत्या कर दी गई। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस घटना को लेकर कांग्रेस पार्टी ने योगी सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस ने कहा कि प्रदेश में योगी सरकार के ‘भयमुक्त प्रदेश’ के दावे खोखले साबित हो रहे हैं और कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।
