मुख्यपृष्ठनए समाचारलव स्टोरी बनी ‘क्राइम स्टोरी’...बेटी ने प्रेमी संग मिलकर लूटा ‘मायका’!.. पुलिस...

लव स्टोरी बनी ‘क्राइम स्टोरी’…बेटी ने प्रेमी संग मिलकर लूटा ‘मायका’!.. पुलिस हिरासत में प्रेमी जोड़ा

जेदवी / मुंबई

एक लव स्टोरी उस समय क्राइम स्टोरी में बदल गई, जब एक बेटी ने अपने ही मायके में चोरी की घटना को अपने प्रेमी संग मिलकर अंजाम दिया। सांताक्रुज में एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक किराना व्यापारी के घर हुई १८ लाख ६० हजार रुपए की चोरी किसी बाहरी चोर की नहीं, बल्कि उसकी अपनी ही बेटी की करतूत निकली। सांताक्रुज पुलिस ने व्यापारी की बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट ने दोनों को १० दिसंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
प्यार में पनपी लालच की साजिश
पुलिस के अनुसार, प्रेमी जोड़ा लंबे समय से रिलेशनशिप में था। शादी के बाद ‘भविष्य सुरक्षित’ करने की लालसा में दोनों ने घर के भीतर रखी मोटी रकम और सोने के गहने उड़ाने की योजना बनाई, जबकि परिवार को इस प्रेम-प्रसंग की भनक तक नहीं थी। व्यापारी ने पुलिस को बताया कि घर में १२ लाख नकद (दुकान की कमाई और पुश्तैनी जमीन बिक्री की रकम) और करीब ६ लाख के १३ तोले सोने के जेवर लोहे के बॉक्स में रखे थे। १८ अक्टूबर को उसकी बेटी अपनी मां को बाजार ले गई और इसी बीच घर से नकदी व जेवरात गायब हो गए।
बेटी बनी चोरनी
पहले तो मामला अज्ञात चोरों के खिलाफ दर्ज हुआ, लेकिन पुलिस के शक की सुई व्यापारी के बेटी पर टिक गई। उसके बदलते बयान, मोबाइल रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज में दिखा संदिग्ध युवक ने पुलिस को नई दिशा दे दी। कड़ाई से पूछताछ में व्यापारी की बेटी टूट गई और प्रेमी संग चोरी की साजिश कबूल कर ली। बेटी ने ही घर में रखी रकम की जानकारी प्रेमी को दी और मां को बाहर ले जाकर प्रेमी को चोरी का मौका दिलाया। पुलिस ने बाद में उसके प्रेमी को भी दबोच लिया। फिलहाल, दोनों पुलिस हिरासत में हैं।

अन्य समाचार