मुख्यपृष्ठटॉप समाचारमहायुति में शामिल एक गुट के २२ विधायक फूटेंगे!.. उद्योग-धंधे करनेवाला स्वघोषित...

महायुति में शामिल एक गुट के २२ विधायक फूटेंगे!.. उद्योग-धंधे करनेवाला स्वघोषित वाइस कैप्टन का भी समावेश… आदित्य ठाकरे का सनसनीखेज खुलासा

सामना संवाददाता / नागपुर

महायुति सरकार में शामिल एक गुट के २२ विधायक मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथ लग गए हैं और वे जल्द ही फूटने वाले हैं। इस तरह का सनसनीखेज खुलासा शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे ने कल किया। उनका इशारा एकनाथ शिंदे गुट की ओर था। इसके बाद शिंदे गुट के विधायकों में हलचल शुरू हो गई है और सटीक रूप से कौन फूटेगा इसकी चर्चा शुरू हो गई है।
नागपुर में शीतकालीन सत्र के कल पहले दिन का कार्य पूरा होने के बाद आदित्य ठाकरे ने विधान भवन परिसर में मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने यह सनसनीखेज खुलासा किया। इस बीच पत्रकारों ने सवाल किया कि कौन से विधायक फूटने वाले हैं, इस पर आदित्य ठाकरे ने कहा कि पिछले कुछ महीनों में जिन्हें अच्छी निधि मिली है, वे विधायक हैं। ये २२ विधायक मुख्यमंत्री फडणवीस के इशारे पर नाचते हैं। उन्होंने तंज कसा कि उनके कहने पर वे उठते और बैठते हैं। इन २२ विधायकों में एक स्वयं को वाइस वैâप्टन कहनेवाले भी शामिल हैं और उनका उद्योग… धंधा भी चलता है।
सरकार को किस बात का डर?
नेता प्रतिपक्ष पद पर शुरू हुई चर्चा के बारे में बोलते हुए आदित्य ठाकरे ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष कौन होगा, इससे अधिक महत्वपूर्ण यह है कि वह कब होगा। निर्वाचन आयोग के आशीर्वाद से राज्य में बहुमत होने के बावजूद सरकार नेता प्रतिपक्ष क्यों नहीं नियुक्त करती? सरकार को वास्तव में किस बात का डर है? इस तरह के सवाल भी आदित्य ठाकरे ने किया।
अफवाह पर विश्वास न करें
शिवसेना द्वारा नेता प्रतिपक्ष पद के लिए दिया गया नाम बदला गया, यह केवल अफवाह है और उस पर विश्वास न करें। वह खबर किसने उड़ाई है, यह हमें पता है।

विकास के नाम पर जारी है ‘विनाश’!
कुंभ मेले के नाम पर नासिक के तपोवन में हजारों पेड़ काटे जाने वाले हैं। ठाणे में मेंटल अस्पताल के पास ७०० पेड़ काटने की योजना है। बोरिवली के संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान के पेड़ काटे जाने वाले हैं। नागपुर की अजनी वन भी सरकार काटने निकली है। देश में जहां-जहां पर्यावरण बचा है, वहां उसे भाजपा खत्म करने निकली है। सरकार विकास के नाम पर विनाश कर रही है। इस तरह का जोरदार हमला शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे ने किया। वे कल नागपुर में मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
‘उद्धव ठाकरे चार्टर्ड विमान से जाते हैं, इंडिगो से नहीं’, इस तरह का बयान मुख्यमंत्री फडणवीस ने दिया। इस पर आदित्य ठाकरे ने कहा कि क्या इंडिगो के हंगामे से ध्यान भटकाने के लिए मुख्यमंत्री ने वह बयान दिया। कल स्वयं मुख्यमंत्री, दोनों उप मुख्यमंत्री और भाजपा के कुछ विधायक चार्टर्ड विमान से नागपुर आए। उन्होंने कहा कि उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे नगर पंचायत चुनाव में हेलिकॉप्टर से घूम रहे थे। उनके गांव में जाने के लिए सड़कें नहीं हैं और दो-दो हेलिकॉप्टर लेकर जाते हैं। नगर पंचायत चुनाव में वे हेलिकॉप्टर से घूम रहे थे। उसमें बैग रखे थे। उस बैग में से किस तरह का ‘आनंद का शिधा’ बांटा जा रहा है? इस तरह का सवाल आदित्य ठाकरे ने किया। उन्होंने कहा कि विमानन कंपनियां केंद्र सरकार की नहीं सुनतीं, देशभर में विमान यात्रा संकट में फंसी हुई है, लेकिन इस गंभीर मुद्दे पर मुख्यमंत्री तंज कस रहे हैं।
सत्र के प्रति सरकार गंभीर नहीं
शीतकालीन सत्र में जनता के मुद्दों पर चर्चा ही न हो, ऐसा सरकार का प्रयास है इसलिए ही सत्र की अवधि कम हुई है। सबसे बड़ा कार्य पूरक मांगों के संबंध में है। किसानों की आत्महत्याएं बढ़ी हैं। शहर के हालात बिगड़े हुए हैं। पर्यावरण नष्ट किया जा रहा है, उस पर चर्चा नहीं होती। किसानों के कर्जमाफी, अतिवृष्टि पीड़ितों को मदद, इस पर चर्चा नहीं होती। सरकार सत्र के प्रति गंभीर नहीं है, ऐसा आरोप आदित्य ठाकरे ने लगाया है।

अन्य समाचार