सामना संवाददाता / नागपुर
नासिक में २०२७ में होने वाले सिंहस्थ कुंभ मेले की तैयारी तेज गति से जारी है। साधु-संतों के निवास के लिए तपोवन परिसर में १,१५० एकड़ भूमि पर साधुग्राम स्थापित करने की योजना है। इस कार्य के लिए १,८०० पेड़ों की कटाई प्रस्तावित है, जिस कारण स्थानीय नागरिक, पर्यावरण प्रेमी और कई हस्तियों में तीव्र नाराजगी पैâल गई है। इसके साथ ही अभिनेता सयाजी शिंदे, शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे, मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे ने भी तपोवन में पेड़ काटने का कड़ा विरोध किया है। मनसे और शिवसेना ने पेड़ कटाई के खिलाफ तपोवन में आंदोलन भी शुरू कर दिया है। साथ ही यह चेतावनी भी दी गई है कि तपोवन का एक भी पेड़ नहीं काटने दिया जाएगा। अब इस पर कुंभ मेला मंत्री गिरीश महाजन ने कहा कि वह शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे से मुलाकात कर चर्चा करेंगे।
गिरीश महाजन ने कहा कि हम नासिक में १५ हजार पेड़ लगाएंगे, उन्हें रिप्लांट करेंगे। साधुग्राम में हम एक भी पेड़ नहीं काटेंगे। कुछ जो छोटे-मोटे पेड़ हैं, उन्हें काटना पड़ेगा। मैं शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे और मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे से भी मिलूंगा और उनकी जो भी आपत्तियां हैं, उन पर हम चर्चा करूंगा। उन्होंने कहा कि पर्यावरण प्रेमियों और राजनीतिक नेताओं की जो भूमिका है, वही हमारी भूमिका है। पहले हम इन पर्यावरण प्रेमियों को १५,००० पेड़ दिखाएंगे। उसके बाद ही हम आगे जो कुछ करना है, वह निर्णय लेंगे। सयाजी शिंदे के साथ भी मेरी चर्चा हुई है। जब मैं हैदराबाद में था, तब मैंने उनसे फोन पर बात की थी। मैंने उनकी भूमिका को समझा है। इस बीच नासिक के तपोवन परिसर में चल रही पेड़ कटाई के खिलाफ पर्यावरण प्रेमियों के आंदोलन की पृष्ठभूमि में राज्य सरकार की ओर से भी महत्वपूर्ण हलचलें शुरू हो गई हैं। नासिक शहर में विभिन्न स्थानों पर कुल १५ हजार पेड़ लगाने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए ये पेड़ दक्षिण भारत के राजामुंदरी से लाए जाएंगे।
