उमेश गुप्ता / वाराणसी
एनडीपीएस एक्ट के तहत चल रही कफ सिरप तस्करी के खिलाफ स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। रामनगर थाना क्षेत्र के सुजाबाद स्थित एक गोदाम में छापेमारी के दौरान पुलिस ने लगभग 30 हजार शीशी प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया है, जिसकी बाजार कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई जा रही है।
छापेमारी मनोज कुमार यादव के बाउंड्री वाले परिसर में की गई है, जो मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल का करीबी बताया जा रहा है।
इसके पूर्व 19 नवंबर को SIT ने रोहनिया थाना क्षेत्र में आजाद जायसवाल के गोदाम पर छापेमारी की थी, जिसमें लगभग 200 करोड़ रुपये मूल्य का कफ सिरप पकड़ा गया था। उसी मामले में अब यह नया कनेक्शन सामने आया है।
सूत्रों के अनुसार, सुजाबाद में जिस गोदाम में छापेमारी हुई है, वहां से आजाद जायसवाल की गाड़ी भी बरामद की गई है। इससे जांच टीम को यह संकेत मिला है कि यह नेटवर्क आपस में जुड़ा हुआ है और शुभम जायसवाल और आजाद जायसवाल के बीच सीधा लिंक होने की संभावना मजबूत हुई है।
आजाद जायसवाल के खिलाफ रोहनिया थाने में पहले ही मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। अब सुजाबाद गोदाम में बरामदगी के बाद इस नेटवर्क का दायरा और बड़ा माना जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह सिर्फ शुरुआत है और कफ सिरप तस्करी के इस बड़े नेटवर्क में कई और नाम सामने आने की उम्मीद है। पुलिस सभी दस्तावेज, वाहन और बरामद स्टॉक की जांच कर रही है। यह कार्रवाई वाराणसी में अवैध दवा कारोबार के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी और लगातार चल रही जांच की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
