सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
कांग्रेस की शीर्ष नेता व पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी मंगलवार को उम्र के ‘८०’ वें पड़ाव पर पहुंच गईं। उनका ७९ वां जन्मदिन कांग्रेसियों ने धूमधाम से मनाया। जिला व शहर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में कार्यालय परिसर में सोनिया गांधी के चित्र के सामने केक काटकर एक दूसरे को मिष्ठान खिलाकर खुशियां मनाई गई। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा व शहर अध्यक्ष शकील अंसारी सहित पार्टी के अन्य नेता व पार्टी कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्षा सोनिया गांधी के उत्तम स्वास्थ्य व दीर्घायु होने की कामना की गई। इस दौरान जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने कहा कि कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्षा, संप्रग सरकार के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली सोनिया गांधी साहस ,त्याग व समर्पण की प्रतिमूर्ति हैं, वे तमाम विपत्ति झेलने के बाद भी इन्होंने समाज सेवा का रास्ता नही छोड़ा। उन्होंने आगे कहा कि सोनिया गांधी ने ऐसे समय पार्टी का नेतृत्व संभाला, जब कांग्रेस नेतृत्व विहीन थी, ऐसी विषम परिस्थितियों में धैर्य के साथ पार्टी का पुनर्गठन करते हुए अपने नेतृत्व में कांग्रेस को बुलंदियों तक पहुंचाया। शहर अध्यक्ष शकील अंसारी ने कहा कि सोनिया ने प्रधानमंत्री पद का त्याग कर अतुलनीय बलिदान का उदाहरण प्रस्तुत किया। पूर्व प्रवक्ता नफीस फारूकी ने कहा कि सोनिया गांधी त्याग की मूर्ति हैं, जिन्होंने पीएम का पद ठुकराया, ऐसे कम लोग होते हैं जो पद की लालसा नहीं रखते। वरिष्ठ नेता रणजीत सिंह सलूजा ने कहा कि सोनिया गांधी कांग्रेस के ही नहीं पूरे देश के निर्विवाद नेता हैं और उनकी सोच गरीब असहाय लोगों के लिए बराबर रही है। इस अवसर पर सुब्रत सिंह सनी, नफीस फारूकी,राहुल त्रिपाठी, हामिद राइनी,धर्मराज मिश्रा,सुरेश चंद्र मिश्र,दिनेश मिश्र,उमाकांत त्रिपाठी,अतीक अहमद,शीतला प्रसाद साहू आदि लोग मौजूद रहे।
