सामना संवाददाता/ सुल्तानपुर
यूपी के सुल्तानपुर जिले में हाई वोल्टेज तार की चपेट में आकर दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। खेत में बांस लगाते समय ये हादसा हुआ। हादसे के शिकार दोनों एक ही गांव के नवयुवक दोस्त थे।
ये घटनाक्रम सुल्तानपुर के कुड़वार थानांतर्गत गंजेहड़ी गांव का है। सैफ और कैफ दोनों युवक खेत में बांस लगा रहे थे। बताते हैं तभी हाईटेंशन लाइन का करंट बांस में उतर गया। दोनों युवक मौके पर ही गिर पड़े और गिरते ही दम तोड़ दिया। सूचना पर थानेदार अमित मिश्र पुलिस टीम के साथ पहुंचे। परिजन पोस्टमार्टम से इंकार पर अड़ गए। गांव में मातम और दहशत का माहौल है। पुलिस ग्रामीणों को समझाने में जुटी है। वहीं थानेदार का कहना है कि, ग्रामीण दिवंगत युवकों के शवों का पोस्टमार्टम के लिए तैयार नहीं हैं।
