-किसानों की कर्जमाफी के लिए पैसा नहीं
-पर शिंदे के नेता के पास पैसों का खजाना
-अंबादास दानवे के वीडियो से खलबली
सामना संवाददाता / मुंबई
शीतकालीन सत्र चल ही रहा था कि शिवसेना नेता अंबादास दानवे ने कल ‘मनी बम’ फेंक दिया। दानवे ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो कॉल का संदर्भ देते हुए तीन वीडियो पोस्ट किए। उन वीडियो में एकनाथ शिंदे गुट के एक विधायक नोटों के बंडल गिनते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस पर सत्र में धमाका हो गया। विधान भवन में यह प्रतिक्रिया सामने आई कि सरकार के पास किसानों को देने के लिए पैसे नहीं हैं, लेकिन शिंदे के नेता के पास पैसों का खजाना है।
अंबादास दानवे द्वारा पोस्ट किए गए वीडियो में लाल टी-शर्ट पहने हुए एक व्यक्ति नोटों के बंडल गिनते हुए दिखाई दे रहा है। उस वीडियो में शिंदे गुट के अलीबाग के विधायक महेंद्र दलवी दिखाई दे रहे हैं। दानवे ने पोस्ट में सवाल उठाया है कि महायुति सरकार के पास सिर्फ किसान की कर्जमाफी के लिए पैसा नहीं है, बाकी सब ओके है! जनता को जरा बताएं मुख्यमंत्री फडणवीस और शिंदे जी, ये विधायक कौन हैं और पैसों के बंडलों के साथ क्या कर रहे हैं? दानवे ने यह भी मांग की है कि वे इस संबंध में शिकायत दर्ज कराएंगे और वीडियो में दिख रही नोटें किसकी हैं, पुलिस को इसकी जांच करनी चाहिए। इस वीडियो पर शिंदे गुट की ओर से प्रतिक्रियाएं आने के बाद दानवे ने एक प्रेस कॉन्प्रâेंस आयोजित कर वीडियो के बारे में स्पष्टीकरण दिया। उन्होंने बताया कि वह वीडियो उन्हें महेंद्र दलवी के करीबी व्यक्ति ने दिया था। दानवे ने कहा कि बैंक में पचास हजार रुपए जमा करने पर भी नोटिस भेजी जाती है, यहां तो नोटों का ढेर दिख रहा है। उचित जांच के बाद सब सामने आ जाएगा। संजय शिरसाट का भी ऐसा ही एक वीडियो सामने आया था। क्या बाहर के लोग घर का वीडियो बना सकते हैं? यह वीडियो भी घर का लग रहा है। उन विधायकों को मालूम है कि ये नोट किसलिए हैं।
ये ‘५० खोके’ ही तो हैं…
महेंद्र दलवी ने कहा था कि अगर वीडियो में वह खुद होंगे, तो विधायक पद से इस्तीफा दे देंगे। इस पर दानवे ने कहा कि यह वीडियो मैंने किसी को विधायक पद से इस्तीफा देने या आरोप लगाने के लिए पोस्ट नहीं किया है। मैं सिर्फ महाराष्ट्र को यह दिखाना चाहता था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब ‘५० खोके एकदम ओके’ कहा जाता था, तब उन्हें गुस्सा आता था, अब यह ५० खोके ही तो हैं।
पुलिस पता लगाए
विधायक दलवी ने आरोप लगाया था कि यह वीडियो उन्हें सुनील तटकरे ने मुहैया कराया है। इस पर दानवे ने कहा कि उनकी फिलहाल तटकरे से बात भी नहीं हो रही है। दानवे ने कहा कि मैं महेंद्र दलवी के सामने मौजूद व्यक्ति को भी जानता हूं, इसीलिए मैंने यह वीडियो पोस्ट किया है, वही मुख्य व्यक्ति है, पुलिस को उसका पता लगाना चाहिए।
