अनिल मिश्र / पटना
बिहार प्रदेश के बेगुसराय जिले में जनता दल यूनाईटेड (जेडीयू) के पूर्व पंचायत अध्यक्ष की उस समय गोली मारकर हत्या कर दी जब वे मवेशी बांधने वाले जगह यानी बथान में सो रहे थे। दरअसल यह वारदात बेगुसराय जिले के छौराही थाना क्षेत्र के पीर नगर गांव में हुई। बताया जाता है कि पीर नगर गांव के निवासी राम बली महतो के 30 वर्षीय पुत्र निलेश कुमार अपने घर से कुछ दूर पर स्थित भैंस के डेरा पर सो रहे थे। आरोप है कि मंगलवार को रात में करीब 11 बजे गांव का ही कुख्यात अपराधी बृजेश महतो अपने करीब 6 साथियों के साथ बाइक से वहां पहुंचा। उसने निलेश की 5 गोलियां मारीं और फिर हथियार लहराते हुए फरार हो गया। रात्रि में गोली की आवाज सुनते ही लोग दौड़ पड़े, लेकिन तब तक अपराधी हथियार लहराते हुए घटनास्थल से फरार हो गए थे। इस संबंध में बताया जा रहा है कि मृतक जदयू के सक्रिय जमीनी नेता,और पूर्व प्रखंड अध्यक्ष थे। परिजनों ने बताया कि ब्रजेश महतो कुख्यात बदमाश है और उस पर आधा दर्जन से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं । पुलिस उसे गिरफ्तार करने के लिए इश्तिहार भी चिपकाई थी ,लेकिन उसने फरार रहते हुए निलेश की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और सभी का रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक मनीष ने पत्रकारों को बताया कि शुरुआती जांच में जमीन विवाद की बात सामने आ रही है। 2019 में दोनों पक्षों ने इस मामले को लेकर प्राथमिकी भी दर्ज कराई थी। उन्होंने कहा कि एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है और पुलिस टीम अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।इस वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस पूरे मामले को कई एंगल से जांच रही है।
