मुख्यपृष्ठनए समाचारपूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर लगे 'कैमरे' कर रहे राहगीरों से 'अश्लील हरकतें'...

पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर लगे ‘कैमरे’ कर रहे राहगीरों से ‘अश्लील हरकतें’ व ब्लैकमेल!

* सीएम योगी से शिकायत के बाद पुलिस ने टोल प्लाजा के एंटी ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम मैनेजर सहित तीन को दबोचा

विक्रम सिंह/सुल्तानपुर
लखनऊ को बिहार की सरहद गाजीपुर को जोड़ने वाले यूपी के पूर्वांचल एक्सप्रेस वे को लेकर आ रही ये अत्यंत शर्मनाक खबर हैरत वाली है। इस एक्सप्रेस वे पर प्रत्येक दो किलोमीटर पर यातायात नियंत्रण व मॉनिटरिंग के लिये शक्तिशाली कैमरे लगाए गए हैं। जिन्हें राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण संचालित कर रहा है। सुल्तानपुर जिले से गुजरने वाले इस एक्सप्रेस वे के हलियापुर टोल प्लाजा पर लगे ऐसे ही एंटी ट्रैफिक कंट्रोल मैनेजमेंट सिस्टम के जरिये अपनी चारपहिया कारों से गुज़रने वाले राहगीरों के निजी पलों में कैमरों से ताक-झांक कर रिकार्ड करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस इलाके के बाशिंदों ने सिस्टम मैनेजर आशुतोष विश्वास समेत टोल प्लाजा के कई कर्मियों पर सनसनीखेज इल्ज़ाम लगाते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा। जिससे हड़कंप मच गया।

आरोप है कि गत अक्टूबर में आजमगढ़ निवासी (कार से जा रहे) एक नवविवाहित युगल के अंतरंग पलों को भी बदनीयती से ज़ूम कर इन कैमरों से कैद कर यहां टोल पर कैमरों की निगरानी में तैनात कर्मियों ने उन्हें ब्लैकमेल कर जमकर वसूली की। इनके अलावा आसपास की क्षेत्रीय महिलाओं की आवाजाही व निजता को भी कैमरे में रिकार्ड कर उन्हें लंबे समय से ब्लैकमेल किया जा रहा है। फिलहाल मामला सीएम तक जा पहुंचने से अब तक शुतुरमुर्गी नींद सो रहे संबंधित विभाग एनएचएआई व पुलिस दोनों ही चौकन्ने हो उठे। आननफानन आरोपी एन्टी ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के प्रबंधक आशुतोष विश्वास को एनएचएआई ने बर्खास्त कर दिया। वहीं सुल्तानपुर की हलियापुर थाना पुलिस भी एक्शन में आ गई। एफआईआर दर्ज कर कड़ा एक्शन लेते हुए हलियापुर टोल प्लाजा के तीन कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। थानेदार तरुण पटेल की अगुवाई में टीम ने छापेमारी कर आशुतोष सरकार, अभिषेक तिवारी और प्रमोद कुमार पटेल को पांच हजार रुपये नकद सहित दबोच लिया। तीनों आरोपी टोल प्लाजा पर विभिन्न तकनीकी पदों पर कार्यरत थे।आरोप है कि आरोपी कर्मचारी सीसीटीवी का नाजायज इस्तेमाल कर आसपास की महिलाओं की गतिविधियों की निगरानी करते थे और कई वाहनों के चालक सहित कई लोगों की निजता भंग करते हुए वीडियो का दुरुपयोग कर ब्लैकमेलिंग व वसूली करते थे। सभी आरोपियों को विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय भेज दिया गया है।मामले के खुलासे के बाद एक्सप्रेस-वे की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

अन्य समाचार