सामना संवाददाता / नई दिल्ली
संसद में इन दिनों वंदे मातरम पर जमकर चर्चा हो रही है। इस कड़ी में आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद संजय सिंह ने मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि आपने तो वोट की भी चोरी कर ली है। जिस तरह फिल्मों में डाकू जय भवानी बोलकर गांव लूटते थे, बीजेपी वंदे मातरम बोलकर लोकतंत्र लूट रही है। उन्होंने कहा कि ये पार्टियां देशभक्ति का चोला ओढ़कर बेरोजगारी, महंगाई और देश की आर्थिक लूट जैसे असली मुद्दों से ध्यान भटका रही हैं। राज्यसभा में सांसद संजय सिंह २२ मिनटों तक भाजपा पर गरजते रहे।
संजय सिंह ने कहा कि वंदे मातरम का नारा लगाने वाले शहीदों की कुर्बानी पर जिनका कोई इतिहास नहीं, वे आज देशभक्ति के ठेकेदार बने घूम रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार वंदे मातरम की आड़ में असली मुद्दों से ध्यान भटकाना चाहती है। संजय सिंह ने कहा कि वंदे मातरम मातृभूमि की वंदना है, लेकिन जो मातृभूमि को बेच रहे हैं, वे उसकी वंदना नहीं, अपमान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि रेल, सेल, तेल और देश की जमीन बेचकर मातृभूमि की वंदना नहीं हो सकती। जो लोग देश बेच रहे हैं, वे वंदे मातरम का अपमान कर रहे हैं।
देश से माफी मांगें मोदी
`आप’ सांसद ने कहा कि आरएसएस ने न तो कभी तिरंगा फहराया, न राष्ट्रगान स्वीकार किया और न वंदे मातरम बोला है। १९४९ में आरएसएस के अखबार ऑर्गेनाइजर में राष्ट्रगान का विरोध किया गया था। देश के प्रधानमंत्री और बीजेपी को इसके लिए पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए। संजय सिंह ने कहा कि तीन देश भक्त युवकों ने जब आरएसएस मुख्यालय पर तिरंगा फहराया, तो संगठन ने उन्हीं के खिलाफ एफआईआर कर दी और १३ साल तक मुकदमा लड़ा। उन्होंने कहा कि जो तिरंगे और राष्ट्रगान का विरोध करें, वे भारत माता के सच्चे सपूत नहीं हो सकते।
यूपी में बीजेपी कर रही वोट चोरी की तैयारी
`आप’ सांसद संजय सिंह ने आरोप लगाया कि बीजेपी यूपी में एसआईआर फॉर्म के नाम पर करीब ३ करोड़ वोट चोरी करने की तैयारी कर रही है। संजय सिंह ने कहा कि बीजेपी सरकार बेरोजगारी, महंगाई, दलितों-पिछड़ों पर अत्याचार जैसे मुद्दों पर चर्चा नहीं करना चाहती। उन्होंने कहा कि देश आज २०० लाख करोड़ रुपए के कर्ज तले दबा है और सरकार देशभक्ति का नाटक कर रही है।
