मुख्यपृष्ठनए समाचाररणभूमि बना वेडिंग हॉल! ... मामूली बात पर वर-वधू पक्ष में जमकर मारपीट

रणभूमि बना वेडिंग हॉल! … मामूली बात पर वर-वधू पक्ष में जमकर मारपीट

– पुलिस ने किया १५ लोगों पर मामला दर्ज
सुरेश गोलानी / मुंबई
भायंदर के एक नामांकित मैरिज हॉल में उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया, जब शराब के नशे में बाराती और घराती (वर-वधू) पक्ष के लोगों के बीच छोटी सी बात को लेकर टकराव हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों तरफ से न सिर्फ लात-घूंसे चले, बल्कि एक-दूसरे पर कुर्सियां, बर्तन और अन्य वस्तुओं से हमला किया गया। कई लोगों को मामूली चोटें लगने की भी खबर है। पुलिस ने इस मामले में १५ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
मामला भायंदर-पश्चिम के गीता नगर इलाके में स्थित कपोलवाड़ी वेडिंग हॉल का है, जहां रविवार शाम को मामूली विवाद को लेकर वर-वधू पक्ष के लोगों के बीच बहस छिड़ गई। बात इतनी बिगड़ी कि दोनों तरफ के लोगों के बीच न सिर्फ गालियों की बौछार और जमकर लात-घूंसे चले, बल्कि कुर्सियां, बर्तन और अन्य वस्तु एक-दूसरे पर फेंके गए, जिसमें कुछ लोगों को मामूली चोटें लगने की खबर है। पुलिस के अनुसार, डायल ११२ पर उक्त घटना की खबर मिलते ही ड्यूटी पर तैनात सिपाही सागर धात्रक और हवलदार देविदास मोटे तुरंत मौके पर पहुंचे। वेडिंग हॉल को युद्ध स्थल में तब्दील होता देख पुलिस फोर्स को बुलाया गया, जिसके बाद नशे में धुत सात लोगों को हिरासत में लिया गया। इसके अलावा शादी समारोह की वीडियोग्राफी और शिकायतकर्ता द्वारा चित्रित विडिओ क्लिप देखकर आठ अन्य लोगों के खिलाफ महाराष्ट्र दारूबंदी अधिनियम १९४९ और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत सार्वजनिक स्थान पर नशे में धुत होकर अव्यवस्थित आचरण और शांति भंग करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।

 

अन्य समाचार