-पाकिस्तान के लिए जासूसी करनेवाला अंबाला से गिरफ्तार
– एयरफोर्स की हर डिटेल करता था शेयर
हरियाणा के अंबाला स्थित एयरफोर्स स्टेशन की जानकारी पाकिस्तान को देने वाला शख्स गिरफ्तार हुआ। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपी हनीट्रैप के जाल में फंसकर सारी जानकारी सोशल मीडिया के जरिए शेयर कर रहा था। इनपुट के बाद उसकी सच्चाई सामने आई और आरोपी पकड़ा गया।
जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार एक व्यक्ति के बारे में डीएसपी क्राइम वीरेंद्र कुमार ने बताया, `पुलिस को सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध व्यक्ति हमारे रक्षा क्षेत्र, विशेष रूप से वायुसेना के बारे में जानकारी दे रहा है। उससे पूछताछ करने पर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया। उसे गिरफ्तार कर हिरासत में लिया गया। उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया, जिससे कई संदिग्ध चीजें सामने आर्इं। डीएसपी क्राइम ने आगे जानकारी दी कि सुनील किसी एक महिला के संपर्क में था, जो उससे जानकारी मांगती थी और वह उसे कुछ जानकारी देता था। उन्होंने कहा, `लड़की के नाम की पुष्टि अभी वहीं हो पाई है। कभी अनु, कभी अन्वी बताई है लेकिन अभी असलियत नहीं बता सकते हैं। एक रिपोर्ट में उसके डिवाइस के अनुसार, वह एक पड़ोसी देश को जानकारी भेजता था, जिसे हम शत्रु देश कह सकते हैं। लेकिन यह उसका बयान है। आगे की जांच हम करेंगे, क्योंकि हमें खुद चीजों का विश्लेषण करना होगा।’ पुलिस के द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, `आरोपी सुनील उर्फ सनी है और वह अंबाला का रहने वाला है, उसके पिता भारतीय रेलवे से सेवानिवृत्त हैं। वह विवाहित है और उसके दो बच्चे हैं। वह फिलहाल चार दिन की रिमांड पर है। जांच अभी शुरुआती चरण में है इसलिए आगे क्या सामने आता है।’
एयरफोर्स स्टेशन पर ही काम करता था आरोपी
डीएसपी क्राइम वीरेंद्र कुमार ने आगे बताया, `वह २०२० से सेना के ही क्षेत्र में ठेकेदार का काम करता था। वह वायुसेना स्टेशन पर मरम्मत का काम संभालता था। वह तस्वीरें ले रहा था और जानकारी दे रहा था और जब मोबाइल फोन चेक किया गया तब पता लगा कि ये सारी चीजें वो कर रहा था।’
