मुख्यपृष्ठनए समाचारएमएलसी चुनाव में भाजपा का अहंकार चूर!

एमएलसी चुनाव में भाजपा का अहंकार चूर!

नितिन नबीन, मोदी, फडणवीस, गडकरी के गढ़ में बीजेपी चारों खाने चित
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
चार राज्यों के विधान परिषद (एमएलसी) चुनावों के नतीजों ने राजनीतिक दलों के सामने नए समीकरण पेश किए हैं। उत्तर प्रदेश, बिहार, कर्नाटक और महाराष्ट्र की कुल २८ सीटों पर आए परिणामों को देखकर कहा जा सकता है कि भाजपा का अहंकार चूर हो गया है। उत्तर प्रदेश की ११ सीटों में बीजेपी ने छह और समाजवादी पार्टी ने पांच सीटें जीतीं।
बिहार में आठ सीटों के नतीजे भी चर्चा में रहे। यहां बीजेपी को तीन, जेडीयू और आरजेडी को एक-एक सीट मिली, जबकि जन सुराज ने एक सीट जीतकर विधान परिषद में अपना खाता खोला। दो सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की। वहीं महाराष्ट्र की पांच सीटों में एनसीपी (शरद पवार गुट) को दो, जबकि बीजेपी, शिंदे गुट और कांग्रेस को एक-एक सीट मिली। एमएलसी चुनाव में पीएम मोदी के अलावा बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस अपना किला नहीं बचा पाए। बीजेपी के दिग्गजों में एकमात्र योगी आदित्यनाथ के गोरखपुर से कांटे की टक्कर में बीजेपी जीती।
वाराणसी खंड शिक्षक सीट पर सपा के लाल बिहारी यादव ने दूसरी बार जीत हासिल की। उन्होंने बीजेपी के निकटतम प्रतिद्वंद्वी डॉ. प्रमोद मिश्रा को ५०१५ वोटों से हराया। नितिन नबीन के गढ़ के पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के नीरज कुमार ने आरजेडी के दिलीप राय को हराया।
भाजपा एक फ्लॉप शो
अखिलेश यादव ने कसा तंज
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव गदगद हैं। जीते हुए प्रत्याशियों की तस्वीर साझा करते हुए यूपी के पूर्व सीएम ने एक खुली चिट्ठी लिखी है। इस चिट्ठी में अखिलेश ने यूपी के मतदाताओं को संबोधित किया है और इसमें दावा किया है कि भारतीय जनता पार्टी के पास अब कोई टिकट लेने नहीं जा रहा है। कन्नौज सांसद ने लिखा कि प्रिय मतदाताओं, बीजेपी एक फ्लॉप शो बन गई है।

अन्य समाचार