मुख्यपृष्ठस्तंभड्रैगन की नई साजिश!

ड्रैगन की नई साजिश!

– टनल बोरिंग मशीन एक्सपोर्ट पर लगाया बैन
– हिंदुस्तान के मेट्रो और टनल प्रोजेक्ट्स को झटका!
हिंदुस्तान में मेट्रो, हाई-स्पीड रेल और सुरंगों के निर्माण बड़े जोर- शोर से चल रहा है, लेकिन चीन ने टनल बोरिंग मशीन (टीबीएम) समेत कुछ अहम मशीनों के निर्यात पर नए प्रतिबंध लगाने का एलान किया है। चीन के इस कदम से हिंदुस्तान की कई बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के सामने मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं। इन मशीनों का इस्तेमाल जमीन के नीचे सुरंग बनाने में होता है। चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने कहा कि ये प्रतिबंध राष्ट्रीय सुरक्षा और हितों की रक्षा के लिए लगाए गए हैं। निर्यात पर ये पाबंदियां १८ नवंबर से लागू होंगी। टनल बोरिंग मशीनों और उनसे जुड़ी चीजों के निर्यात पर लगी इन पाबंदियों से हिंदुस्तान की कई परियोजनाओं पर असर पड़ सकता है। इनमें अंडरग्राउंड मेट्रो सिस्टम, हाई-स्पीड रेल लाइनें और सीमावर्ती इलाकों सहित कई जगहों पर बन रही सुरंगें शामिल हैं।
गौरतलब है कि चीन पहले भी भारत को टीबीएम के निर्यात पर पाबंदियां लगाता रहा है। साल २०२४ में वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने जर्मनी के वाइस चांसलर रॉबर्ट हाबेक के सामने यह मुद्दा उठाया था। उन्होंने बताया था कि चीन एक जर्मन कंपनी को वहां निर्मित टनल बोरिंग मशीनें हिंदुस्तान निर्यात करने नहीं दे रहा है।
वाणिज्य मंत्रालय की घोषणा के अनुसार, चीन के नए प्रतिबंधों में वॉकिंग एक्सकेवेटर (चलने वाले उत्खनन यंत्र) और प्लेट्यू-टाइप वेट शॉटक्रिट मशीनें भी शामिल हैं। वॉकिंग एक्सकेवेटर एक ऐसी मशीन है जिसे हर तरह के भू-भाग पर चलने के लिए डिजाइन किया गया है। यह अपने वर्किंग अटैचमेंट, आउट्रिगर या पहियों की मिली-जुली गतिविधियों का इस्तेमाल करके कठिन इलाकों में भी खुदाई का काम कर सकती है।
प्लेट्यू-टाइप वेट शॉटक्रिट मशीन का इस्तेमाल ऊंचे पठारी इलाकों में किया जाता है। यह सीमेंट और दूसरी निर्माण सामग्री को नोजल तक पहुंचाती है। इसके बाद हवा और एक खास केमिकल की मदद से इस मिश्रण को तेज दबाव के साथ किसी सतह पर छिड़का जाता है। इसका इस्तेमाल निर्माण कार्यों में सतह को मजबूत बनाने के लिए किया जाता है। घोषणा के मुताबिक, इन नए उपायों के तहत ड्रेजर (तलछट हटाने वाली मशीन) से जुड़ी कुछ वस्तुओं के निर्यात नियंत्रण को भी बेहतर बनाया गया है। इनमें स्लरी पंप, ड्रैगहेड और कटरहेड जैसी चीजें शामिल हैं, जो तय तकनीकी मानकों को पूरा करती हैं।

अन्य समाचार