सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र में नगरपालिका चुनावों के बीच चुनाव आयोग की फ्लाइंग स्क्वॉड ने मुंबई के देवनार इलाके में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो वैन से २ करोड़ ३३ लाख रुपए नकद जब्त किए हैं। आचार संहिता लागू रहने के दौरान इतनी बड़ी रकम मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, फ्लाइंग स्क्वॉड ने देवनार क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान दो संदिग्ध वैन को रोका। तलाशी लेने पर दोनों वाहनों से भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई, जिसे तुरंत जब्त कर लिया गया। वाहनों में मौजूद कर्मचारियों ने दावा किया कि यह रकम एटीएम में जमा करने के लिए ले जाई जा रही थी। हालांकि, चुनाव आचार संहिता के मद्देनजर इस दावे की पुष्टि के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जब्त नकदी की जानकारी आयकर विभाग को दे दी गई है। विभाग अब यह जांच कर रहा है कि रकम का स्रोत क्या है और इसका उपयोग किस उद्देश्य से किया जाना था। देवनार पुलिस ने इस कार्रवाई को अपनी स्टेशन डायरी में दर्ज कर लिया है। फिलहाल जब्त की गई राशि पुलिस हिरासत में सुरक्षित रखी गई है और जांच जारी है।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र में २९ महानगर पालिकाओं के चुनाव के लिए १५ जनवरी को मतदान होना है, जबकि १६ जनवरी को मतगणना होगी। चुनावों को देखते हुए राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू है। ऐसे में चुनाव आयोग और संबंधित एजेंसियां अवैध लेनदेन और गैर-कानूनी गतिविधियों पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं। चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी तरह की अवैध गतिविधि पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि बरामद नकदी का चुनावी प्रक्रिया से कोई संबंध है या नहीं।
